Dainik Athah

भाजपा सरकार महाकुंभ आयोजन में भी फेल हो गयी है: अखिलेश यादव

  • अथाह ब्यूरो
    लखनऊ।
    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार महाकुंभ आयोजन में भी फेल हो गयी है। यातायात व्यवस्था करने में फेल हो गयी। सफाई और पानी की गुणवत्ता में फेल हो गयी। संगम में पानी की गुणवत्ता को लेकर केन्द्र और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आपस में लड़ रहे हैं। भाजपा दस साल से सरकार में है। गंगा मां की सफाई के लिए बड़े-बड़े दावे किए लेकिन साफ नहीं कर पाये। महाकुंभ में भगदड़ के दौरान जिन लोगों की मौत हुई, भाजपा सरकार उनकी सही संख्या नहीं बता पायी। भगदड़ में मृतक परिवारों और घायलों की मदद नहीं की। तमाम श्रद्धालुओं की आने जाने के दौरान दुर्घटनाओं में मौत हो गयी। इस सरकार ने उनकी भी मदद नहीं की।
    रविवार को कानपुर में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार डबल ब्लंडर सरकार है। सरकार ने महाकुंभ के आयोजन के पूरी तरह से फेल हुई है। इसमें महा घपला भी किया है। मां गंगा की सफाई का दावा करने वाले लोग पूरा बजट साफ कर गये। सड़कों के गड्ढ़ों को भरने के नाम पर सब रूपया अपनी जेब में रख लिया। भाजपा सरकार भ्रष्ट और बेईमान सरकार है। उन्होंने कहा मैं कन्नौज में एक मंदिर में गया था, मेरे वहां से जाने के बाद भाजपा के लोगों ने मंदिर को गंगा जल से धोया था। मुख्यमंत्री आवास में कई मुख्यमंत्री रहे। आये, गए लेकिन किसी ने उसे गंगा जल से नहीं धुलवाया था लेकिन मेरे मुख्यमंत्री आवास छोड़ने के बाद भाजपा के लोगों ने मुख्यमंत्री आवास को गंगा जल से धुलवाया। महाकुंभ में मैने गंगा जी में स्नान कर लिए भाजपा के लोग बताएं कि मां गंगा को किससे और कैसे धोएंगे।
    यादव ने कहा कि यह लड़ाई बड़ी है। भाजपा पीडीए की उपेक्षा करती है। भाजपा सरकार ने पिछले नौ बजट में पीडीए को कुछ नहीं दिया है। बाबा साहब डॉ0 अम्बेडकर ने संविधान के माध्यम से पीडीए को हक और सम्मान दिया है। आरक्षण दिया है। भाजपा उस आरक्षण को छीन रही है। विश्वविद्यालयों में कहीं भी पीडीए नहीं दिखाई दे रहा है। भाजपा पीडीए के साथ भेदभाव कर रही है। कानपुर में विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थाओं में पीडीए वाइस चांसलर का कोई व्यक्ति पोस्ट नही है। संस्थाओं के शीर्ष पदों को छोड़िये उनके नीचे नौकरियों और अन्य पदों पर भी पीडीए परिवार को हिस्सा नहीं मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *