Dainik Athah

Balrampur Rape Case: नहीं मिला न्याय तो फूंक देंगे आरोपियों के घर

अथाह संवाददाता, बलरामपुर । Balrampur Rape Case :सामूहिक दुष्कर्म व दरिंदगी की शिकार हुई बेटी के परिजन पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि घटना के सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह लोग इंसाफ के लिए खुद सड़क पर उतरेंगे। महिलाओं का कहना है कि न्याय न मिला तो हम खुद आरोपियों का घर जला देंगे और चौराहे पर आत्मदाह कर लेंगे। परिजनों के इस रुख से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। गैसड़ी बाजार में भारी फोर्स तैनात कर दी गई है। मामले के विवेचक सीओ ने सभी आरोपियों को शीघ्र ही सलाखों के पीछे भेजने का भरोसा परिजनों को दिलाया है।

सामूहिक दुष्कर्म की शिकार बिटिया की मंगलवार की शाम अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी चाचा-भतीजे के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया था। परिजनों को छह लाख 18 हजार मुआवजा तथा घर के एक सदस्य को नौकरी के साथ-साथ घटना में शामिल अन्य सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा प्रशासन ने दिलाया था। चार दिन बीत जाने के बाद परिजनों के सब्र का बांध शुक्रवार को टूट गया।

परिजनों का कहना है कि घटना में दो नहीं बल्कि पांच-छह लोग शामिल थे। पुलिस अभी तक केवल दो लोगों को जेल भेज कर छानबीन का नाटक कर रही है। बिटिया की मां के साथ-साथ घर की अन्य महिलाएं शुक्रवार को मामले को लेकर आक्रोशित नजर आईं। महिलाओं ने कहा कि यदि शीघ्र अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी न हुई तो वह लोग इंसाफ के लिए खुद सड़क पर उतरेंगे। मां ने कहा कि या तो हम खुद ही आरोपियों का घर फूंक देंगे या फिर यहीं चौराहे पर मिट्टी का तेज डालकर आत्मदाह कर लेंगे। परिजनों ने देवीपाटन शक्तिपीठ तुलसीपुर के महंत मिथिलेश नाथ योगी से भी न्याय दिलाने के लिए गुहार लगाई है।

परिजनों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस सक्रिय हो गई है। गैसड़ी बाजार में भारी फोर्स तैनात कर दी गई है। मामले के विवेचक सीओ उतरौला राधारमण सिंह ने बताया कि शुरू में परिजनों ने केवल दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। परिजनों को समझाया गया है कि मामले की विवेचना हो रही है। साक्ष्यों के आधार पर मामले में जो भी दोषी मिलेगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। सर्विलांस व अन्य जांचों के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बिटिया को हर हाल में इंसाफ दिलाया जाएगा।

Balrampur Rape Case

Balrampur Rape Case

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *