Dainik Athah

अखिलेश- राहुल ही आपसी बचायेंगे यूपी में ‘इंडिया’ गठबंधन

  • गाजियाबाद विधानसभा उप चुनाव: सुलझ सकती है इंडिया गठबंधन की गांठ
  • अब 3 सीटों पर अड़ रही कांग्रेस, बुधवार को हो जायेगा निर्णय
  • कांग्रेस के दावेदार नहीं छोड़ रहे आस, उम्मीद कांग्रेस ही लड़ेगी गाजियाबाद से

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
उत्तर प्रदेश के विधानसभा उप चुनाव में इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख दलों कांग्रेस एवं सपा में गठबंधन की गांठ बुधवार तक सुलझ जायेगी, वहीं कांग्रेस के दावेदारों ने एक बार फिर से टिकट के लिए जोरआजमाइश शुरू कर दी है। कांग्रेस अब तीन सीटों पर मान सकती है।
बता दें कि इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे पर रार चल रही है। हालत यह है कि कांग्रेस को सपा ने गाजियाबाद शहर एवं अलीगढ़ की खैर सीट दी है, जबकि कांग्रेस की मांग पांच सीटों की है। कांग्रेस उन सीटों पर भी दावा कर रही है जो सीट सपा किसी भी हालत में छोड़ने को तैयार नहीं है। इस स्थिति में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दोनों सीटों को भी सपा के लिए छोड़ने का बयान दिया था। इतना ही नहीं अजय राय के बयान के बाद राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई कि यूपी में इंडिया गठबंधन अब टूट के कगार पर है।

सपा और कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि इस मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के बीच सीट बंटवारे के मुद्दे पर बातचीत शुरू हो गई है। सूत्रों ने उम्मीद जताई कि बुधवार को हर हालत में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जायेगी। इसके साथ ही यह भी तय हो जायेगा कि कांग्रेस इन दो सीटों के साथ ही किसी अन्य सीट पर भी चुनाव लड़ सकती है। इस मामले में कांग्रेस से संकेत मिलने के बाद टिकट के दावेदारों ने भी एक बार फिर से टिकट के लिए मोर्चाबंदी शुरू कर दी है। दोनों दलों के कार्यकर्ता भी चाहते हैं कि यह गठबंधन इसी प्रकार टिका रहे। उम्मीद है कि कार्यकर्ताओं को दोनों ही दल नाउम्मीद नहीं करेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *