Dainik Athah

उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक: सपा- कांग्रेस ने भ्रम फैलाकर जनता को जातीय अखाड़ों में बदलने की कोशिश की: भूपेंद्र सिंह चौधरी

अखिलेश यादव से कहा- कांग्रेस भष्मासुर है और बहुत जल्दी आपको ठिकाने लगा देगी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सपा और कांग्रेस जैसे परिवारवादी और जातीवादी शक्तियों ने अफवाह एवं भ्रम फैलाकर प्रदेश की जनता को जातीय अखाड़ों में बदलने की कोशिश की। मुस्लिम मतदाताओं में भय उत्पन्न कर उनका वोट लेने का कांग्रेस और सपा ने नया तरीका तलाशा और उनको अपने एजेंडे का शिकार बनाया जिसमें उन्हें आंशिक सफलता मिली। इसीलिए हमारे समक्ष यह चुनौती है कि अभी से भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच घर-घर जाकर युद्धस्तर पर इस झूठ और अफवाह का पदार्फाश का है और इनके विभाजनकारी मंसूबों पर पानी फेरना है। सर्वसमाज को लेकर ह निरंतर आगे जाना है। जो भूले भटके हैं उनको गले लगाना है। फिर से लोगों के जाना है और सबको साथ लेकर समाज और राष्ट्र को विकास के पथ पर लेकन बढ़ना है।
चौधरी ने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सभी का स्वागत करते हुए कहा कि यह प्रदेश कार्यसमिति बृहद रूप से आयोजित की गई है जिसमें हम सभी को कार्यसमिति समापन सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन मिलेगा, जो हमारे लिये अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश एक कृषि प्रधान प्रदेश है। यहां पर सबसे उर्वरा भूमि है। यह देश की आत्मा व हृदय स्थल है। भगवान राम और कृष्ण ने यहीं जन्म लिया। यहीं पर बाबा विश्वनाथ घाम है। वैदिक ज्ञान को लिपिबद्ध करने वाली भूमि नैमिषारण्य है। शक्तिपीठों से जुड़ी परंपरा भी यहां पर है। पूर्व में विपक्ष के जो लोग इस सामर्थ्य को नहीं समझते थे वे कांवड़ यात्रा पर रोक लगाते थे। लेकिन, आज 500 वर्षों के बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण हमारी विरासत का सम्मान है। सही अर्थों में कहा जाये तो हम सभी भाजपा कार्यकर्ता परंपराओं को अपनाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
चौधरी ने कहा भाजपा ही एक मात्र राजनीतिक संगठन है जिसके कार्यकतार्ओं के मन में पहले देश, फिर दल और सबसे अंत में स्वयं के हित की भावना आती है। हमारा यह प्रदेश उसी दृष्टिकोण के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मागदर्शन में वैभवशाली भारत, शक्तिशाली भारत, आत्मनिर्भर भारत के रूप में आकार ले रहा है। आज हमें गर्व हैं कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में तीसरी बार केन्द्र में भाजपा की सरकार बनी है जिसका हम सभी आज हार्दिक अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा 1951 में हमने जो संकल्प लिये थे, आज पूरे हो रहे हैं। आजादी के बाद भाजपा पहला राजनीतिक दल है, जिसने बलिदान दिया। डॉ श्याम प्रसाद मुखर्जी का कश्मीर में संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हुआ। एक देश में दो विधान, दो प्रधान नहीं चलेंगे को साकार करते हुये प्रधानमंत्री जी ने धारा 370 को हटाया। जिससे आज जम्मू और कश्मीर लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ रहा है। हमने अयोध्या में राममंदिर बनाने का सपना देखा, वह सपना प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से साकार हो गया है। हमारी सरकार बहुसंख्यकों की आस्था का सम्मान और अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा अगर हम आंकड़ों पर बात करें तो सपा और कांग्रेस ने मिलकर 2024 के चुनावों में 43.05 फीसदी वोट प्राप्त किया है। जबकि भाजपा ने अकेले 41.37 फीसदी वोट प्राप्त किया है। अगर भाजपा में हम अपने सहयोगी दलों का वोट जोड़ दें तो सपा-कांग्रेस हमसे आज भी पीछे है। केवल संविधान खतरे में है खटाखट 8500 रू0 का झूठा भ्रमजाल फैलाकर सपा और कांग्रेस ने बहुजन वोट के सहारे 1.68 फीसदी वोट अधिक हासिल किया है।
उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को सावधान करते हुए कहा यह कांग्रेस भष्मासुर है और बहुत जल्दी आपको ठिकाने लगा देगी। कांग्रेस की नजर आपके मुस्लिम वोट पर पड़ गई है। कांग्रेस की सोच एवं उनकी कार्यशैली में लोकतंत्र की कोई गुंजाइश ही नहीं है। कांग्रेस का एक इकोसिस्टम है जो हारने वालों को जीता हुआ बताकर जीतने वालों पर प्रश्न खड़े करता है। 13 राज्यों में कांग्रेस पार्टी की सीटें शून्य हैं। कांग्रेस पार्टी जहां भी जीती है वहां अपने वोटों से नहीं जीती, बल्कि दूसरी पार्टियों के वोटों पर जीती है।
भूपेंद्र सिंह ने कहा भाजपा एक मात्र पार्टी है जो अपनी विचारधारा पर अडिग है। कांग्रेस पार्टी का तो कोई वैचारिक आधार है ही नहीं। कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब अंबेडकर का विरोध किया है। उनको कांग्रेस ने कभी अपने संगठन का चुनाव नहीं लड़ने दिया। बाबा साहब अंबेडकर को कैबिनेट का सदस्य होने के बाद भी इस्तीफा देना पड़ा था। कांग्रेस ने सदैव बाबा साहब का अपमान जीते-जी तो किया ही और मरणोपरान्त भी उनका सम्मान नहीं दिया। उन्होंने सपा पर हमला करते हुए कहा लोहिया को अपना आदर्श मानने वाली समाजवादी पार्टी शुद्ध रूप से परिवारवादी पार्टी में परिवर्तित हो गयी है। इनकी परिवारवादी मानसिकता, वैभवशाली रहन-सहन, अपराध केन्द्रित राजनीति को संरक्षण इत्यादि कृत्यों को देखकर स्वर्ग में लोहिया जी की आत्मा भी विलाप कर रही होगी।
चौधरी ने कहा आप सभी को इस कार्यसमिति के माध्यम से मैं अपने इस परिवार को सजग करना चाहता हूं कि, यह समय चिन्ता करने का नहीं है। यह समय है चिन्तन करने का। चिन्तन को कार्यशैली में बदलने और दलित वंचित शोषित समाज के बीच जाकर उसका भ्रम दूर करने का समय है। हमने समाज के लिये किया है। समाज के लिये जिया है। समाज से लिया है इसलिये समाज को अभी बहुत कुछ देना भी है। पंडित जी ने एक बार संगठन की महत्ता पर बल देते हुए कहा था कि “हमें इस प्रकार कार्य करना है कि आज का विरोधी कल हमारा मतदाता बने। कल का मतदाता परसों हमारा सदस्य और परसों का सदस्य हमारा सक्रिय कार्यकर्ता बनें।
उन्होंने कहा केन्द्र में दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, विश्व महाशक्ति के रूप में भारत की प्रभावी छवि, देश के बाह्य और आंतरिक दुश्मनों को मुहतोड़ जवाब, भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के प्रति तीव्र गति से अग्रसर जैसे चतुर्दिक क्षेत्रों में पिछले 10 वर्ष का कार्यकाल इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जायेगा। वहीं प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मजबूत कानून व्यवस्था की बात हो चाहें पूरे प्रदेश में सड़कों और एक्सप्रेसवे का जाल बिछाने की बात हो, शासकीय स्कूलों की कायाकल्प की बात हो, सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज या साढ़े छह लाख युवाओं को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त नौकरियों देने की बात हो हमारी सरकार ने उत्तर प्रदेश को सबसे तेजी के साथ विकसित प्रदेशों की सूची में लाकर खड़ा कर दिया है। हमें विकसित भारत 2047 के संकल्प को सिद्ध करते हुए भारत को दुनिया की सबसे बड़ी सुपर पॉवर बनाना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *