Dainik Athah

भाजपा जनता के बीच बेनकाब हो चुकी हैं: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा जनता के बीच बेनकाब हो चुकी हैं प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। भ्रष्टाचार चरम पर हैं भाजपा नेताओं, कार्यकतार्ओं की अराजकता और गुण्डई से गरीब पीड़ित है। किसान, नौजवान संकट में है। महंगाई, बेरोजगारी से हर वर्ग त्राहि-त्राहि कर रहा है। जनता भाजपा के झूठ और लूट को समझ गयी है।

उन्होंने कहा भाजपा ने संविधान विरोधी कार्य किया है। लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया है। संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग कर भाजपा बाबा साहब के संविधान को बदलना चाहती थी, पिछड़ों, दलितों का आरक्षण छीना, नौकरियों में घोटाला किया। लोकसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को सबक सिखाया है, विधानसभा चुनाव 2027 के चुनाव में भाजपा का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा। जनता भाजपा के कुशासन, भेदभाव और नफरत की राजनीति से ऊब गयी है।
अखिलेश यादव ने कहा भाजपा का शीर्ष नेतृत्व से लेकर नीचे तक बनाया गया भ्रमजाल टूट चुका है। भाजपा की कथनी और करनी एक दूसरे से विपरीत है। लोकसभा चुनाव में पराजय से भाजपा में घबराहट है। इनके अपने सहयोगी और समर्थक किनारा करने लगे हैं। जनता में भाजपा की साख पूरी तरह खत्म हो चुकी है। भाजपा सरकार ने हर वर्ग को धोखा दिया। किसान, नौजवान, मध्यम वर्ग गरीबों में निराशा है। बीजेपी ने राजनीति को व्यापार बना दिया है। महंगाई बढ़ाकर सबको ठगा है। भाजपा ने किसी को नहीं छोड़ा। भाजपा ने अपनी गलत नीतियों से दलितों, पिछड़ों, नौजवानों, कर्मचारियों, व्यापारियों महिलाओं सभी को संकट में डाला। लोगों को प्रताड़ित किया।
यादव ने कहा देश और प्रदेश की जनता समाजवादियों की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रही है। जनता समाजवादी पार्टी पर भरोसा कर रही है। समाजवादी पार्टी जनता के दु:ख-दर्द और उसकी जरूरतों को समझती है। समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है। हमेशा जनता के हित में फैसले लिए है। प्रदेश की जनता ने समाजवादी पार्टी पर जो भरोसा जताया है पार्टी उसे और मजबूत करेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *