Dainik Athah

मतदान फीसद में कमी ने चिंतित कर दिया है भाजपा को

  • गाजियाबाद में जुटे तीन मंत्रियों- क्षेत्रीय महामंत्री समेत वरिष्ठ नेता
  • गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट के उप चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा
  • महानगर भाजपा कार्यालय पर बैठक में संगठन की समीक्षा भी की गई।
  • भाजपाइयों ने खोली अफसरों की पोल

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी ने गाजियाबाद शहर विधानसभा उप चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। इसके लिए तीन मंत्रियों के साथ ही भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री भी गाजियाबाद पहुंचे। सभी ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ ही वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में सभी का जोर इस बात पर था कि आखिरकार मतदान फीसद में कमी क्यों आई। हालांकि इसके पीछे कार्यकर्ताओं ने अनेक कारण गिनाते हुए सरकारी अधिकारियों एवं अपनी ही सरकार पर निशाना साधा।

बता दें कि गाजियाबाद शहर विधायक अतुल गर्ग के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद इस सीट पर उप चुनाव होना है। इसके लिए भाजपा ने प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा के साथ ही राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, बृजेश सिंह तथा क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा की गाजियाबाद में ड्यूटी लगाई है। चारों लोग रविवार को गाजियाबाद महानगर कार्यालय पहुंचे और वहां पर पार्टी पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों के साथ ही वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श किया।
सूत्रों के अनुसार तीनों मंत्रियों के साथ ही क्षेत्रीय महामंत्री का जोर इस बात पर था कि क्या कारण है कि मतदान फीसद में कमी आई। गाजियाबाद में भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग करीब साढ़े तीन लाख मतों से विजयी हुए हैं बावजूद इसके मतदान फीसद में कमी को लेकर बूथ अध्यक्षों से बात की गई। इसके साथ ही बूथ और शक्ति केंद्रों एवं पन्ना प्रमुखों को मजबूत बनाने के लिए कहा गया।
सूत्र बताते हैं कि बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा प्रदेश में भाजपा सरकार सात साल से है, लेकिन सरकारी अधिकारियों एवं पुलिस अफसरों के व्यवहार से यह लगता ही नहीं कि हम सत्तारूढ़ दल भाजपा के कार्यकर्ता हैं। इसके साथ ही कहा गया कि अफसरों का व्यवहार भाजपा कार्यकर्ताओं के मुकाबले विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं से अच्छा रहता है। इसके साथ ही चुनाव के दौरान मुचलके भरना, हर मोड़ पर चालान होना जैसे मुद्दे उठाये गये। इतना ही नहीं कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब अपनी सरकार रहते हुए अफसरों का यह व्यवहार है तो सरकार जाने के बाद कैसा होगा। यह बात भी निकल कर सामने आई कि कार्यकर्ताओं में इस बार उत्साह नहीं देखा गया।

भाजपा सूत्रों के अनुसार बैठक लेने आये तीनों मंत्रियों एवं क्षेत्रीय महामंत्री का जोर मुख्य रूप से इस बात पर रहा कि संगठन को नीचे के पायदान तक मजबूत किया जाये। खासकर बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र एवं पन्ना प्रमुख स्तर तक। सूत्रों की मानें तो आज की पहली बैठक संगठन पर ही केंद्रीत होकर रह गई। इस मौके पर महानगर भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा ने तीनों मंत्रियों, क्षेत्रीय महामंत्री एवं सांसद अतुल गर्ग का स्वागत किया। बैठक में मुख्य रूप से पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर, पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी, पूर्व महापौर आशा शर्मा, आशु वर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष विजय मोहन, एसपी सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *