Dainik Athah

जनता की शक्ति से बड़ा न किसी का बल होता है, न किसी का छल: अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश की जागरूक जनता ने देश को एक बार फिर से नई राह दिखाई है

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की जागरूक जनता ने देश को एक बार फिर से नई राह दिखाई है, नई आस जगाई है। 2024 लोकसभा का चुनाव संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने की और सामाजिक न्याय की जीत है। उत्तर प्रदेश की प्रगतिशील जनता के विचार ही वोट के रूप में हमें मिले हैं। ये बंटवारे की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ सौहार्द भाईचारे और सकारात्मक राजनीति की जीत है। ये इंडिया गठबंधन और पीडीए एकता की जीत है।

अखिलेश यादव ने कहा कि यह उस दलित-बहुजन भरोसे की भी जीत है जिसने अपने पिछड़े, अल्पसंख्यक, आदिवासी, आधी आबादी और अगड़ों में पिछड़े सभी उपेक्षित, शोषित, उत्पीड़ित समाज के साथ मिलकर उस संविधान को बचाने के लिए कंधे-से-कंधा मिलाकर संघर्ष किया है जो समता-समानता, सम्मान-स्वाभिमान, गरिमामय जीवन एवं आरक्षण का अधिकार देता है।
यादव ने कहा कि ये नारी के मान और महिला-सुरक्षा के भाव की जीत है। ये नवयुवतियों-नवयुवकों के सुनहरे भविष्य की जीत है। ये किसान-मजदूर-कारोबारियों-व्यापारियों की नयी उम्मीदों की जीत है। ये सर्व समाज के सौहार्द-प्रिय, समावेशी सोच वाले समता-समानतावादी सकारात्मक लोगों की सामूहिक जीत है। ये निष्पक्ष, निष्कलंक मीडिया के निरंतर, अथक, निर्भय, ईमानदार प्रयासों की जीत है। ये संविधान को संजीवनी मानने वाले संविधान-रक्षकों की जीत है। ये लोकतंत्र के हिमायती-हिम्मती लोगों की जीत है। ये गरीब की जीत है। ये लोकतंत्र की जीत है। ये सकारात्मक राजनीति की जीत है। ये मन के सच्चे और अच्छे लोगों की जीत है। ये इंडिया की टीम और पीडीए की रणनीति की जीत है।

अखिलेश यादव ने कहा कि मतदाताओं ने साबित कर दिया है कि जनता की शक्ति से बड़ा न किसी का बल होता है, न किसी का छल। इस बार जनता ही जीती है, शासक नहीं। जनता जीतती रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *