Dainik Athah

सभी के अपने- अपने दावे: भाजपा नेताओं के दावे 4 से 5 लाख मतों से होगी जीत, कांग्रेस का दावा 1 से 2 लाख

  • मतगणना के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता जूझने को तैयार
  • एक- एक वोट पर होगी एजेंटों की नजर, प्रशासन की बढ़ सकती है परेशानी

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
गाजियाबाद लोकसभा के साथ ही बागपत लोकसभा सीट (आंशिक) की मतगणना मंगलवार को होगी। इससे पहले दोनों प्रमुख दलों के नेताओं के दावे भी शुरू हो गये हैं। भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग एवं उनके समर्थक तथा जिले के जन प्रतिनिधि जहां चार से छह लाख तक की जीत का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मुख्य प्रतिद्व्रंदी कांग्रेस की डॉली शर्मा एवं उनके समर्थकों का दावा है कि वे एक से दो लाख मतों के अंतर से चुनाव जीतेंगे। आइये एक नजर डालते हैं दोनों दलों के दावों पर।

भाजपा भारी मतों के अंतर से चुनाव जीत रही है। यदि मतदाताओं में जातीय आधार पर बंटवारा हुआ है तो हमारी जीत चार लाख से अधिक मतों से होगी और मतदाता जातियों में नहीं बंटे तो जीत पांच लाख से अधिक मतों से होगी। जीत आखिर जीत होती है और वह भाजपा की होगी।

अतुल गर्ग, लोकसभा प्रत्याशी भाजपा गाजियाबाद

भाजपा प्रत्याशी की अतुल गर्ग की छवि के साथ ही देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामों के चलते और जिस प्रकार हर वर्ग ने समर्थन दिया है उसे देखते हुए यह लगता है कि अतुल गर्ग चार लाख से अधिक मतों से चुनाव जीतकर संसद जायेंगे।

सुनील शर्मा, कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार

भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग को हर जाति और धर्म के लोगों का प्यार और दुलार मिला है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामों की बदौलत हमें भरोसा है कि भाजपा प्रत्याशी की जीत पांच लाख से अधिक मतों से होगी।

अजीत पाल त्यागी, विधायक मुरादनगर

अतुल गर्ग लोकप्रिय है, उनके पिता जी का भी गाजियाबाद के लोग सम्मान करते रहे हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोग प्रधानमंत्री देखना चाहते हैं। इससे यह भरोसा है कि अतुल गर्ग छह से सात लाख मतों के अंतर से चुनाव जीतेंगे।

सुनीता दयाल, महापौर गाजियाबाद

भाजपा ने इस बार लोकल फॉर वोकल को ध्यान में रखते हुए गाजियाबाद शहर के लोकप्रिय विधायक अतुल गर्ग को प्रत्याशी बनाया है। लोकल फॉर वोकल का बड़ा प्रभाव है। इसे देखते हुए हमें लगता है कि भाजपा प्रत्याशी पांच लाख से अधिक मतों से चुनाव जीतेंगे।

नंद किशोर गुर्जर, विधायक लोनी

भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग का व्यक्तित्व शानदार है तथा वे लोकप्रिय विधायक है। राजनीतिक परिवार से आने वाले अतुल गर्ग को सभी लोगों ने एकजुट होकर चुनाव लड़वाया है। इसे देखते हुए लगता है कि उनकी जीत पांच लाख से ज्यादा मतों से होगी।

संजीव शर्मा, महानगर अध्यक्ष भाजपा गाजियाबाद


भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग को हर वर्ग के लोगों ने अपना समर्थन दिया है। मेरा दावा है कि गर्ग की जीत चार लाख से अधिक मतों से होगी।

सतपाल प्रधान, जिलाध्यक्ष भाजपा गाजियाबाद

मुझे जिस प्रकार हर जाति और धर्म के लोगों ने अपना प्यार और समर्थन दिया है उससे लगता है कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की जीत एक लाख से अधिक मतोंं से होगी।

डॉली शर्मा, प्रत्याशी गाजियाबाद लोकसभा कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन

कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को इस बार हर जाति और धर्म के लोगों का भरपूर समर्थन और प्यार मिला। देश में बढ़ती महंगाई और साम्प्रदायिकता से लोगों में भाजपा के प्रति नाराजगी है। मुझे लगता है कि डॉली शर्मा की जीत दो लाख से अधिक मतों से होगी।

विजय चौधरी, महानगर अध्यक्ष कांग्रेस गाजियाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *