Dainik Athah

भाजपा पश्चिम से लेकर पूरब तक हर जगह हार रही है: अखिलेश यादव

सोनभद्र- मिर्जापुर में सपा प्रमुख की जनसभाएं

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को सोनभद्र और मिजार्पुर में विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित कर समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को रिकॉर्ड मतों से जिताने की अपील की।
अखिलेश यादव ने सोनभद्र के दुद्धी विधानसभा उप-चुनाव में प्रत्याशी विजय सिंह गोंड, राबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र में इंडिया गठबंधन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी छोटे लाल खरवार और मिजार्पुर में इंडिया गठबंधन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रमेश चन्द बिंद के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि इस बार राबर्ट्सगंज और मिजार्पुर के लोग इतिहास बनाने जा रहे है। पहले चरण के चुनाव से पश्चिम से जो हवा चली है, पूरब में सातवें चरण में उसकी रफ्तार बहुत तेज है। भाजपा पश्चिम से लेकर पूरब तक हर जगह हार रही है। चार जून को देश में परिवर्तन का परिणाम आने वाला है। किसानों, नौजवानों, गरीबों, व्यापारियों हर वर्ग का संकट खत्म होगा। यह चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है। आने वाली पीढ़ी का चुनाव है। यह संविधान बचाने का चुनाव है। भाजपा बाबा साहब के संविधान को बदलना चाहती है। यह संविधान सभी को न्याय, अधिकार और सम्मान दिलाता है। यह संविधान हम सबके लिए संजीवनी है।
यादव ने कहा कि भाजपा की हर बात झूठी निकली। इनका हर वादा झूठा निकला। किसान की आय दोगुनी नहीं हुई। महंगाई के कारण फसलों की लागत बढ़ी। हर चीज, कीटनाशक दवाई, डीजल, जरूरत का सामान महंगा कर दिया लेकिन सरकार ने किसानों की मदद नहीं की। भाजपा सरकार किसानों की जमीन छीनने और फसल लूटने के लिए तीन काले कानून लायी थी। किसानों ने आंदोलन किया। हजारों किसान शहीद हुए। भाजपा ने किसानों को अपमानित किया। लेकिन किसान पीछे नहीं हटा। भाजपा सरकार को पीछे हटना पड़ा। तीनों काले कानून वापस हो गये लेकिन सावधान रहना है। भाजपा सरकार को हटाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण अमीर और अमीर होते चले गये है जबकि गरीब और गरीब हो गया। भाजपा सरकार ने किसानों की तरह नौजवानों को भी धोखा दिया। नौकरियां नहीं दी। भर्ती परीक्षाओं के जो पेपर हुए सब लीक हो गये। भाजपा नौकरी रोजगार नहीं देना चाहती है। इसने जानबूझकर पेपर लीक कराये। नौजवानों के भविष्य के साथ छल किया। एक तिहाई जीवन बर्बाद किया है। इस बार नौजवान भाजपा को उखाड़ फेंकेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाआें को निवेश के नाम पर झूठा सपना दिखाया। लाखों करोड़ रुपए का निवेश लाने का दावा किया गया लेकिन जमीन पर कोई निवेश नहीं दिखा, कहीं भी फैक्ट्रियां और कम्पनी नहीं लगी। भाजपा सरकार ने अग्निवीर योजना लाकर सेना की नौकरी आधी-अधूरी कर दी। इससे नौजवानों को नुकसान हुआ। इंडिया गठबंधन की सरकार अग्निवीर योजना समाप्त कर देगी। भाजपा सरकार ने नौजवानों को नौकरी, रोजगार छीनने का रिकार्ड बनाया है। वही इंडिया गठबंधन की सरकार नौजवानों को नौकरी और रोजगार देने का रिकार्ड बनायेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *