Dainik Athah

400 पार का नारा देने वाली भाजपा चार सौ सीटे हार रही है: अखिलेश यादव

  • सपा प्रमुख ने कहा- पूर्वांचल की हवा पश्चिम से भी तेज चल रही है


अथाह ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को गाजीपुर में इंडिया गठबंधन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अफजाल अंसारी और चंदौली से इंडिया गठबंधन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी वीरेन्द्र सिंह के पक्ष में चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित कर भारी मतों से जिताने की अपील की।
अखिलेश यादव ने कहा कि पूर्वांचल की हवा पश्चिम से भी तेज चल रही है। इंडिया गठबंधन पूरे पूर्वांचल में भाजपा का सफाया कर रहा है। पूर्वांचल में सपा के पक्ष में रिकार्ड तोड़ जन समर्थन देखकर भाजपा नेताओं का आत्मविश्वास डगमगा गया है। उन सबकी जुबान भी लड़खड़ा रही है। भाजपा नेताओं की घिसीपिटी बातें और पुराने डॉयलाग अब कोई नहीं सुनना चाहता है। भाजपा नेताओं के झूठ और झूठी बातों को जनता ने नकार दिया है। पूर्वांचल में इंडिया गठबंधन के समर्थन में हवा की रफ्तार देखकर भाजपा के दिल्ली और लखनऊ से आने वाले नेता थर्रा रहे हैं। उनके समझ में कुछ नहीं आ रहा है। चार सौ पार का नारा देने वाली भाजपा चार सौ सीटे हार रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की हर बात झूठी निकली। इनके हर वादे झूठे निकले। भाजपा सरकार ने दस साल में कोई विकास नहीं किया। आज किसान, नौजवान दु:खी है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों को धोखा दिया। आय दुगनी करने का वादा किया था लेकिन तीन काले कानून लाकर किसानों की फसल और जमीन हड़पने का षडयंत्र किया। किसानों ने आंदोलन किया। एक हजार किसान शहीद हुए। भाजपा ने किसानों को अपमानित किया। किसानों के संघर्ष का नतीजा रहा कि भाजपा सरकार को काले कानून वापस लेना पड़ा।
यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार किसानों का कर्ज माफ करेगी। किसानों की फसलों को एमएसपी का कानूनी अधिकार दिया जाएगा। भाजपा सरकार ने दस साल में अपने चहेते उद्योगपतियों का 25 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया लेकिन किसानों का कर्ज नहीं माफ किया। कर्ज और गरीबी के कारण पिछले दस साल में एक लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली। भाजपा सरकार ने किसानों की कोई मदद नहीं की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दस सालों में महंगाई बहुत बढ़ा दी। सब चीजों के दाम महंगे हो गये। पढ़ाई, लिखाई, दवाई इलाज सब महंगा कर दिया। साइकिल से लेकर मोटरसाइकिल तक सब महंगा है। जरूरत का हर सामान, डीजल, पेट्रोल, खाद, बीज, कीटनाशक सब महंगा कर दिया। इस सरकार ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों सभी को मजबूर किया। डीएपी खाद लेने के समय नैनो यूरिया लेने पर मजबूर किया। नैनो यूरिया से कोई फायदा नहीं हुआ। अब पता चला कि अन्य उद्योगपतियों की तरह नैनो यूरिया का मालिक भी देश छोड़ कर भाग गया। भाजपा सरकार ने खेती किसानी, व्यापार सब चौपट कर दिया। भाजपा की गलत नीतियों के कारण काम धंधा बर्बाद हो गया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और बसपा अंदर से मिले है। इसीलिए मै बहुजन समाज के लोगों से अपील करता हॅू कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन की मदद करें। उन्होंने गाजीपुर से अफजाल अंसारी के साथ बलिया से सनातन पाण्डेय को रिकार्ड मतों से जिताने की अपील की। गाजीपुर की चुनावी जनसभा को गाजीपुर से प्रत्याशी अफजाल अंसारी बलिया से प्रत्याशी सनातन पाण्डेय, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामअचल राजभर, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह, एमएलसी लाल बिहारी यादव, अरविन्द कुमार सिंह, वीरेन्द्र यादव, जयकिशन साहू ने सम्बोधित किया।
चंदौली लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी वीरेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह पटेल समेत अन्य नेताओं ने भी सम्बोधित कर वीरेन्द्र सिंह को भारी मतों से जिताने की अपील की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *