Dainik Athah

युवा सिर्फ देश की वह ताकत हैं जो भारत की ग्लोबल पोजिशनिंग को लगातार बेहतर कर रहा है: पंकज चौधरी

अथाह संवाददाता,
मेरठ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ में युवा संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा आज के इस मांगल्य सभागार में उपस्थित युवा शक्ति को देखकर मेरा मन अभिभूत है। मेरठ की इस पावन धरती पर 1857 के उस पहले स्वतंत्रता संग्राम की याद आ जाती है, जिसकी चिंगारी ने पूरे देश को आज़ादी के सूत्र में बाँध दिया था। मैं कोतवाल धन सिंह गुर्जर जी और राव कदम सिंह जी जैसे क्रांतिवीरों की इस वीर माटी को नमन करता हूं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी ने कहा कि युवा संवाद भारत के वर्तमान और आने वाले स्वर्णिम भविष्य की दिशा तय करने के लिए है। आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है। हमारी 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है, यह हमारी सबसे बड़ी ताकत है और हमारी इसी युवा ताकत ने हमारे भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का काम किया है।उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था मुझे 100 ऊर्जावान, निष्ठावान युवा दे दो, मैं इस देश का भाग्य बदल दूंगा। आज तो हमारे पास करोड़ों ऐसे युवाओं की फ़ौज है। युवा सिर्फ देश की वह ताकत हैं जो भारत की ग्लोबल पोजिशनिंग को लगातार बेहतर कर रहा है। फिनटेक, अंतरिक्ष और डिफेंस क्षेत्र के स्टार्ट अप ने तो पूरे विश्व में भारत की एक नई पहचान बनाई है। श्री पंकज चौधरी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश का परिदृश्य पूरी तरह बदल रहा है। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। हमारे देश के छोटे-छोटे शहरों से निकलकर युवा नई तकनीकों और नए विचारों के साथ यूनिकॉर्न खड़े कर रहे हैं। हमारी सरकार यूथ एम्पावरमेंट के लिए प्रतिबद्ध है। और इसीलिए मोदी सरकार ने स्टार्ट अप पर लगने वाला एंजेल टैक्स खत्म कर दिया है। यूपी स्टार्टअप नीति 2026 से युवाओं के आइडिया को बिजनेस में बदलने के लिए AI  ड्रोन और रोबोटिक्स जैसी भविष्य की तकनीकों पर फोकस किया जा रहा है,जिससे 24,000 से अधिक स्टार्टअप्स वाले इकोसिस्टम को नई ऊर्जा मिलेगी। हमारे युवा वैज्ञानिक और इंजीनियर मंगलयान, गगनयान ‘चंद्रयान‘ और ‘आदित्य-L1  जैसे अभियानों से अंतरिक्ष में तिरंगा लहरा रहे हैं। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में युवाओं के लिए 4S  स्किल, स्केल, स्पीड, और स्कोप की नीति के तहत कार्य कर रही है। ‘स्किल इंडिया‘ अभियान चलाया जा रहा है, ताकि हर हाथ को काम और हर हुनर को पहचान मिल सके।उन्होंने कहा कि आपके हुनर को और तराशने के लिए ही जून 2026 से सरधना में 250 करोड़ की लागत वाले उत्तर प्रदेश के पहले मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय ने भी अपना पहला सत्र शुरू कर दिया है। उ० प्र० में एक ऐसा समय भी था कि सपा सरकार में युवाओं के हाथों में  लाठी डंडे और तमंचे थमाए जाते थे आज डबल इंजन सरकार में युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। प्रदेश से गुंडाराज और माफियाराज का खात्मा हुआ है। कानून का राज स्थापित होने से दुनिया भर के उद्योगपति आज यूपी में लाखों करोड़ रुपये का निवेश कर रहे हैं, जिससे हमारे युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। आज हमारा उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज़ का प्रदेश बन चुका है। पूरे देश के 55 प्रतिशत एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में है। आज का उत्तर प्रदेश ‘बीमारू‘ राज्य से निकलकर भारत की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर तेज़ी से दौड़ रहा है और इस दौड़ के असली धावक उत्तर प्रदेश के युवा हैं।श्री पंकज चौधरी ने कहा कि इस क्रांतिधरा मेरठ से मैं आप सभी से तीन संकल्प लेने का आह्वान करता हूँ कि राष्ट्र प्रथम, अनुशासन और निरंतरता तथा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं भटकाव से दूर रहकर अपने लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करें। समाज में भाईचारा, स्वच्छता, और सकारात्मक बदलाव के वाहक बनें। देश को बांटने वाली ताकतों को अपनी एकजुटता से करारा जवाब दें। अगर देश का युवा ठान ले, तो दुनिया की कोई भी ताकत भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने से नहीं रोक सकती।श्री पंकज चौधरी ने कहा कि यह समय रुकने और थकने का नहीं है। यह समय उठने, दौड़ने और विजयी होने का है। अपनी शक्ति को पहचानिए, अपने सपनों को उड़ान दीजिए और इस देश को दुनिया के शिखर पर ले जाने के लिए आगे बढ़िए। भारतीय जनता पार्टी और भाजपा सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *