Dainik Athah

भाजपा के राज में आम जनता परेशान है, युवा बेरोजगार है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा के पांचवे चरण में 20 मई को होने वाले मतदान में मतदाताओं से समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को रिकार्ड मतों से जिताने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पिछले चार चरणों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। आगे भी समाजवादी पार्टी पीडीए इंडिया गठबंधन की भारी जीत होने जा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा समाज में नफरत फैलाती है। भेदभाव करती है। भाजपा बांटने की राजनीति करती है। भाजपा की गलत नीतियों से आज देश में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। आम जनता परेशान है। युवा बेरोजगार है। लोगों के सामने परिवार के पालन करने का संकट है। बच्चों की पढ़ाई लिखाई और दवा, इलाज का संकट है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दस साल की सरकार में लोगों के सामने संकट पैदा किया। आज हर वर्ग परेशान है। भाजपा ने विकास को रोका है। समाजवादी सरकारों में हुए विकास कार्यों को बर्बाद किया।

यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में प्रदेश के सभी स्तर पर विकास के बहुत सारे कार्य हुए। समाजवादी सरकार में छात्र-छात्राओं के लैपटॉप बांटे गए, छात्राओं को कन्या विद्याधन दिया गया और किसानों को मुफ्त सिंचाई की सुविधा दी गई। महिला अपराध रोकने के लिए 1090 वूमेन पावर सेवा, मरीजों के लिए 108 और 102 एम्बुलेंस सेवा और अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 पुलिस सेवा शुरू की गई थी। शानदार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनाया। जिस पर सेना के युद्धक और मालवाहक विमान हरक्यूलिस उतर सका। राजधानी में मेट्रो ट्रेन अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम इकाना, गोमती रिवरफ्रंट के अलावा समाजवादी सरकार में एशिया का सबसे बड़ा पार्क जनेश्वर मिश्र पार्क, लोहिया पार्क बना। पराग और अमूल का दुग्ध प्लांट लगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के पास विकास का कोई रोड मैप नहीं है। इस सरकार ने भ्रष्टाचार किया। बजट को लूटा है। कहने को भाजपा की डबल और ट्रिपल इंजन सरकार है लेकिन इन सबने बजट का बंदर बांट किया। भाजपा ने हर स्तर पर लूट मचाई है। उन्होंने कहा कि आज जनता के पास एक बार फिर मौका आया है जब वह अपनी परेशानियों से छुटकारा पा सकती है। उसका एक वोट भाजपा की मनमानी पर चोट कर सकता है। भाजपा की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ वोट कर समाज को जोड़ने, एकता भाईचारे, विकास, किसानों, नौजवानों, गरीबों के पक्ष में फैसले के लिए इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताएं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *