Dainik Athah

हार सामने देख भाजपा के लोग बौखला गये हैं: अखिलेश यादव

इटावा- अकबरपुर- उन्नाव में सपा प्रमुख की जनसभाएं

अथाह संवाददाता
इटावा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को इटावा लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी जितेन्द्र दोहरे, अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी राजाराम पाल तथा उन्नाव लोकसभा क्षेत्र की प्रत्याशी अन्नू टण्डन के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा के खिलाफ जमकर मतदान कर रही है। हार सामने देख भाजपा के लोग बौखला गये हैं। किसान, नौजवान, मजदूर और आम जनता भाजपा को सबक सिखा रहे है। पहले दो चरणों में भाजपा का सफाया हो चुका है। तीसरा चरण समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन का रहा है। इसमें भाजपा का खाता नहीं खुलेगा।

यादव ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है, भाजपा की गर्मी नीचे आ रही है। जो लोग हवा में उड़ रहे थे, जनता ने उन्हें जमीन दिखा दिया है। भाजपा ने जनता से झूठे वादे किए। दस सालों से झूठ बोला। किसानों, नौजवानों, महिलाओं सभी से विश्वासघात किया। भाजपा के नेताओं की हर बात झूठी निकली। इनके हर फैसले ने देश को संकट में डाला। खोखले नारे देकर जनता का शोषण किया। भाजपा सरकार किसानों की जमीन और फसल छीन कर उद्योगपतियों को देना चाहती थी। इसीलिए तीन काले कृषि कानून लेकर आयी थी। हमारे बहादुर किसानों ने काले कानूनों के खिलाफ आंदोलन किया। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने किसान आंदोलन को कुचलने के लिए हर हथकंडा अपनाया। आंदोलन में एक हजार किसान शहीद हो गये। भाजपा ने किसानों को अपमानित किया। सड़कों पर कील लगवा दिया, दीवार खड़ी करा दी। ट्रैक्टरों को डीजल नहीं दिया लेकिन हमारे किसान संघर्श करते रहे। किसानों के संघर्ष और एकजुटता का नतीजा रहा है कि भाजपा सरकार को तीनों काले कानून वापस लेने पड़े।

अखिलेश यादव ने कहा कि जबसे भाजपा सरकार आयी है तबसे महंगाई और कर्ज से एक लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली। भाजपा सरकार ने डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के साथ-साथ हर चीज के दाम बढ़ा कर महंगाई को चरम पर पहुंचा दिया। खाद की बोरी से 5-5 किलो खाद निकाल लिया। किसानों को अब बोरी की खाद कम मिलती है। इस सरकार ने उद्योगपतियों का तो 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया लेकिन किसानों का कर्ज नहीं माफ किया। किसान कर्ज से दबा हुआ है। भाजपा सरकार दस साल तक अपने उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाती रही। तमाम तरह के टैक्स बढ़ाकर किसानों और आम जनता को लूटती रही। जो मोटर साइकिल 10 साल पहले 50 हजार रुपए की थी आज दोगुनी हो गई। मंड़ी में तब चाय एक रुपए की थी अब चाय कितने रुपए की है सबको पता है।

यादव ने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। नौजवानों, किसानों और देश के भविष्य का चुनाव है। भाजपा वोट लूटने का षडयंत्र करती है। संविधान बचाना है तो हर जोखिम उठाना पड़ेगा। बूथ पर वोट डालना और डलवाना पड़ेगा। उन्होंने नेताओं, कार्यकतार्ओं से अपना बूथ जिताने की अपील की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामजी शुक्ला और उनके भाई लालजी शुक्ला, सुनील गुप्ता समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी में शामिल हुए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *