Dainik Athah

साफ हो गया तीसरे चरण में भाजपा का खाता तक नहीं खुलेगा: राजेंद्र चौधरी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि आज लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आव्हान पर सम्भल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं और बरेली के मतदाताओं ने जिस जोशखरोश से समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में भारी मतदान किया है, उससे अब स्पष्ट हो गया है कि भाजपा का सूपड़ा पूरी तरह से साफ हो जाएगा और तीसरे चरण में भाजपा का खाता तक नहीं खुलेगा।

चौधरी ने कहा भाजपा ने अपनी हार होते देखकर कई जनपदों में सत्ता का खुलकर दुरूपयोग किया। समाजवादी पार्टी समर्थक मतदाताओं विशेषकर मुस्लिम मतदाताओं को कई जगह मतदान से रोका गया, दबंगों ने कई जगह मतदाताओं को डराया, धमकाया। कई स्थानों पर प्रशासनिक अधिकारी और पीठासीन अधिकारी भी चुनाव को प्रभावित करने की कोशिशें करते रहे। फिर भी भाजपाई जोरजुल्म से ऊबी जनता हर तरफ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन को भारी मतों से जिताने के लिए मजबूती से खड़ी रही।

उन्होंने कहा लोकसभा मैनुपरी में जहां से डिम्पल यादव समाजवादी पार्टी की सांसद है और इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी है भाजपाई नंगानाच कुछ ज्यादा ही नजर आया। फर्जी मतदान कराते हुए कई भाजपाई दबंगों के नाम मुख्य निर्वाचन अधिकारी उप्र लखनऊ को भेजे गए हैं। समाजवादी पार्टी के बूथ एजेंट को पोलिंग स्टेशन से बाहर निकाला गया। विधानसभा क्षेत्र 107 मैनपुरी के बूथ संख्या 165,166,129,130,131 पर किशनी की बूथ संख्या- 141, 142,143, 208 पर जबरन मतदान हुआ। भाजपाइयों द्वारा बूथ कैप्चरिंग के मामले सामने आए। बदायंू में बीएलओ से पर्चियां पुलिस ने छीन ली। भोगांव के बूथ संख्या- 412 पर भाजपाई दबंगों ने समाजवादी पार्टी के बूथ एजेंट का सिर फोड़ दिया। बूथ पर कब्जा कर डम्प कर दिया।

राजेंद्र चौधरी ने कहा लगभग सभी लोकसभा क्षेत्रों में मतदाताओं में महंगाई, बेकारी और कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर विफलता के आरोप लगाए और उसकी समाज को बांटने वाली नीतियों पर आक्रोश जताया। कई मतदाता भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा अभद्र भाषा के प्रयोग से भी क्षुब्ध दिखे। नौजवानों, किसानों का रोष भाजपा के झूठे वादों पर था।
अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी को पूर्व के दो चरणों में हुए मतदान में भी मतदाताओं का अभूतपूर्व समर्थन हासिल हुआ है। पिछले 10 सालों के शासन काल में भाजपा ने कोई विकास नहीं किया। जनता की परेशानियां बढ़ाई और इलेक्टोरल बांड जैसा भयंकर घोटाला किया। मतदाता इस सबसे ज्यादा आक्रोशित है। मतदाता ने अब भाजपा को केन्द्र की सत्ता से बेदखल करने का मन बना लिया है। श्री यादव ने अपने कार्यकतार्ओं से यह भी कहा है कि जब तक ईवीएम सील न हो जाए मुस्तैद रहें और चौकन्ना रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *