Dainik Athah

जातिवाद, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए राजनीति कर रहे है

  • उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा- कांग्रेस व सपा परिवारवाद


अथाह संवाददाता, अमेठी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लोकसभा अमेठी से भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी के चुनाव प्रचार में गोसाईगंज अमेठी में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व सपा परिवारवाद, जातिवाद तथा भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए राजनीति कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि सपा सरकार में विद्युत व्यवस्था में भ्रष्टाचार चरम पर था। पहले बिजली चंद घंटे के लिए आती थी, आज जनपद के 75 जिलों में 24 घंटे बिजली दी जा रही है। कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार का आलम यह था कि खेल भी भ्रष्टाचार से अछूते नहीं थे, कॉमनवेल्थ गेम में भी भ्रष्टाचार किया गया। भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस सरकार का कोई जोड़ नहीं रहा। वहीं भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार करने वालों को जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अमेठी के साथ साथ रायबरेली में भी कांग्रेस की करारी हार होगी, अमेठी में कांग्रेस की जमानत जब्त हो जाएगी, उन्होंने कहा कि अमेठी और रायबरेली को कांग्रेस अपनी जागीर समझती थी। विकास के नाम पर अमेठी और रायबरेली में कांग्रेस ने कुछ भी नहीं किया और इस बार फिर अमेठी की जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अब राजतंत्र नहीं है। पिता राज करे फिर पुत्र राज करें। देश में संविधान का राज है, लोकतंत्र है। देश की जनता जिसे चुनेगी वही देश चलाएगा। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनता भाजपा के साथ है। देश की जनता को मोदी जी की गारंटी पर पूरा भरोसा है। उन्होेंने कहा कि भाजपा सरकार में घर-घर नल के द्वारा जल भेजने का कार्य किया जा रहा है। सरकारी स्कूलों में छात्रों को निशुल्क सारी सुविधाएं दी जा रही हैं। देश में सड़कों का जाल बिछाया गया है। फोर लाइन ,सिक्स लाइन से लेकर कई एक्सप्रेस वे बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। गरीबों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। आगे 70 साल से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों को 5 लाख तक का निशुल्क इलाज मिलेगा।
अमेठी के गोसाईगंज में जनसभा को संबोधित करने के बाद बृजेश पाठक ने गौरीगंज विधानसभा के शाहगढ में भी विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए आने वाली 20 मई को कमल का बटन दबाकर भाजपा के लिए मतदान करने की अपील की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *