Dainik Athah

भाजपा की डबल इंजन सरकारें भ्रष्टाचार के र्इंधन से चल रही है: राजेंद्र चौधरी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि भाजपा की डबल इंजन सरकारें भ्रष्टाचार के ईंधन से ही चल रही है। बड़ी सरकार इलेक्टोरल बांड की वसूली करके मुंह छुपा रही है तो भाजपा की राज्य सरकार स्मार्टमीटर में चीनी उपकरण लगाने के घपले में सफाई नहीं दे पा रही है। अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की सरकार में बिजली व्यवस्था में प्रभावी सुधार किए थे, जबकि भाजपा सरकार ने एक भी यूनिट बिजली उत्पादन नहीं किया बल्कि बिजली बिल महंगा करके जबरन वसूली कर रही है। भाजपा सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं का शोषण करने और उन्हें अपमानित करने का रिकार्ड बना दिया है।
उन्होंने कहा अखिलेश यादव ने अपने मुख्यमंत्रित्वकाल में उत्तर प्रदेश में विद्युत व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए कई बिजली घर बनवाये तथा अण्डरग्राउण्ड तार बिछाने और आपूर्ति की निरन्तरता के सम्बंध में भी कदम उठाए थे। ग्रामीण क्षेत्रों में 14 से 16 घंटे और शहरी क्षेत्रों में 22 से 24 घंटे तक विद्युत आपूर्ति की गई। कई लाख गांवों तथा मजरों में विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण किया गया था। भाजपा सरकार का चीन से बढ़ता प्रेम आश्चर्यजनक है। उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटरों में चीनी कम्पोनेंट लगाने में जो धांधली हुई है उसकी सीबीआई से जांच होनी चाहिए क्योंकि इसमें कई आशंकाएं हैं।

वैसे भी भाजपा सरकार को प्रदेश की जनता के हितो की कतई परवाह नहीं है। अभी गर्मी की तपिश शुरू हुई है कि बिजली फाल्ट, ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं सामने आने लगी है। हाईटेंशन तारों से छिटकी चिंगारियों से हजारों एकड़ फसल नष्ट हो चुकी है। इन दिनों फसल की मढ़ाई में बाधा पड़ रही है, किसान परेशान है। खेतों और खलिहानों में पड़ी फसल के आग की चपेट में आने की आपदा पर भी सरकार किसानों को मुआवजा नहीं दे रही है। यूपी के मतदाता इन लोकसभा चुनावों में भाजपा को सबक सिखाने के लिए तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *