Dainik Athah

भाजपा चुनाव हार रही है, इंडिया गठबंधन जीत रहा है: अखिलेश यादव

एटा- आगरा- हाथरस में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा

अथाह ब्यूरो
एटा/हाथरस/आगरा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एटा, हाथरस एवं आगरा जनपद में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभाएं की। उन्होंने एटा में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी देवेश शाक्य, हाथरस में जसवीर बाल्मीकि तथा आगरा में सुरेश चन्द्र कर्दम, फतेहपुर सीकरी के इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार उर्फ फौजी बाबा को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। यादव ने भाजपा सरकार पर किसानों, और नौजवानों के साथ हो रहे अन्याय और महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक की घटनाओं को लेकर करारा हमला बोला।

यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों, नौजवानों, मजदूरों, गरीबों सभी के साथ विश्वासघात किया है। उन्हें धोखा दिया है। भाजपा सबसे झूठी पार्टी है। समाजवादी पार्टी और विपक्षी दलों के खिलाफ झूठा प्रचार करती है। भाजपा ने देश के सारे भ्रष्टाचारियों और अपराधियों को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया है। दूसरों पर झूठा आरोप लगाती है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। खेती का लागत मूल्य बढ़ गया, लेकिन फसलों का सही मूल्य नहीं मिल रहा है। गेहूं की सरकारी खरीद नहीं हो रही है। भाजपा सरकार ने किसानों की फसलों को एमएसपी का कानूनी अधिकार नहीं दिया। किसान आंदोलन को बदनाम किया। किसानों को अपमानित किया। भाजपा सरकार के दस साल के कार्यकाल में गरीबी और कर्ज से परेशान एक लाख किसानों ने आत्महत्या कर ली। इस सरकार ने पूंजीपतियों का 16 लाख करोड़ का कर्ज माफ कर दिया लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। भाजपा के दस साल की सरकार में किसी के जीवन में बदलाव नहीं हुआ।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा चुनाव हार रही है। इंडिया गठबंधन जीत रहा है। समाजवादी पार्टी पीडीए इंडिया गठबंधन मिलकर भाजपा के एनडीए पर भारी है। जबसे समाजवादी पार्टी ने पीडीए बनाया है, भाजपा घबराई हुई है। पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक, आधी आबादी और आदिवासी समाज एकजुट होकर इंडिया गठबंधन के पक्ष में वोट कर रहा है। जनता ने भाजपा को नकार दिया है। चुनाव हाथ से निकलता देख भाजपा नेताओं की भाषा बदल गयी है। भाजपा की दिल्ली और लखनऊ की सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी बहुत बढ़ा दी है। भाजपा के नेता महंगाई, बेरोजगारी और पेपरलीक से नौजवानों को हुए नुकसान की बात नहीं करते है। भाजपा सरकार ने दस साल में नौजवानों की नौकरियां छीनी है। नौकरी, रोजगार नहीं दिया। सिर्फ झूठे वादे किये।

यादव ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण और सबसे अलग है। यह चुनाव लोकतंत्र संविधान और आरक्षण बचाने का चुनाव है। भाजपा बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर के बनाए हुए संविधान को खत्म करना चाहती है। पिछड़ों, दलितों का आरक्षण समाप्त करना चाहती है। भाजपा के इरादे ठीक नहीं है। वह वोट का अधिकार छीनना चाहती है। भाजपा के अहंकार को खत्म करने का चुनाव है। उन्होेंने कहा कि वोट के जरिए सत्ता में आयी भाजपा तानाशाही पर उतर आयी है। विपक्षी नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेज रही है। सरकारी एजेंसियों ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स का दुरूपयोग हो रहा है। भ्रष्टाचार और महंगाई बढ़ाई है। सरकारी एजेंसियों से दबाव डालकर हजारों करोड़ रुपए का चुनावी चंदा वसूला। इलेक्टोरल बांड ने भाजपा की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि वोट से सत्ता में आयी भाजपा को वोट की ही ताकत से हटाना है। पहले दो चरणों के चुनाव में जनता ने भाजपा की बैंड बजा दी है। हवा और माहौल इंडिया गठबंधन के पक्ष में है। पहले दो चरणों में जनता ने इंडिया गठबंधन को जिता दिया है। तीसरे चरण में भी भाजपा का सफाया हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *