Dainik Athah

वह दूसरे चरण में आंधी हो गई, जनता ने भाजपा को नकारा: अखिलेश यादव

पश्चिम से जो हवा लोकसभा चुनाव के पहले चरण से चली

अथाह संवाददाता
कासगंज।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि पहले चरण से ही समाजवादी पार्टी पीडीए-इंडिया गठबंधन ने बढ़त बना ली है। पश्चिम से जो हवा लोकसभा चुनाव के पहले चरण से चली, वह दूसरे चरण में आंधी हो गई। जनता ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। दिल्ली और लखनऊ के भाजपा नेता न जाने कितनी बाते कर रहे है पर अब जनता जागरूक हो गई है। वह भाजपा राज के 10 साल का हिसाब ले रही है। किसान, नौजवान, गरीब व्यापारी सभी त्रस्त हैं। अब जनता ने भाजपा के सफाये का मन बना लिया है।

यादव शुक्रवार को मेला मार्ग शीर्ष ग्राउण्ड सोरो शूकर क्षेत्र थाना सोरो, जिला कासगंज में लोकसभा एटा के समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन प्रत्याशी देवेश शाक्य के समर्थन में चुनावी जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। जनसभा में महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने भी समाजवादी पार्टी प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की। यादव ने कहा कि दिल्ली की सरकार ने किसानों के लिए बहुत संकट पैदा किया है। किसान जब दिल्ली अपनी मांगों को लेकर जाना चाहते थे भाजपा सरकार ने जबर्दस्त बैरीकेडिंग की, सीमेंट की दीवारें खड़ी की और सड़क पर कील कांटे लगा दिए। जबकि वादा तो भाजपा सरकार ने किया था कि वे किसानों की आय दुगनी करेंगे। जब किसान हक मांगने गए तो उन्हें प्रताड़ित किया गया।

अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की एकता के चलते केन्द्र सरकार को झुकना पड़ा। एक हजार किसानों की शहादत हुई। अंतत: भाजपा को तीन काले कृषि कानूनों को वापस लेना पड़ा। भाजपा की दोस्ती उद्योगपतियों से है। किसानों को उनकी फसल पर एमएसपी नहीं मिली है। बड़ी कम्पनियां किसानों की फसल औने पौने दाम पर खरीद रही है। वे पैक्ड आटा बाजार में भेजकर मुनाफा कमा रही है। उनके पास बड़े गोदाम है। जब बाजार में चीजों के दाम चढ़ते हैं तब वे अपना माल निकालकर मुनाफा कमाते हैं। उन्होंने कहा जब इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी, तब सभी को राशन में पौष्टिक आटा और साथ में मुफ्त मोबाइल डाटा भी दिया जाएगा ताकि आज जो आॅनलाइन पढ़ाई और दूसरी सुविधाएं मिलती है उनका वे भी इस्तेमाल कर सके। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में हमने जो लैपटॉप बांटे थे, उससे बच्चों को आॅनलाइन पढ़ाई में फायदा हुआ।

यादव ने समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी देवेश शाक्य को भारी बहुमत से जिताने की अपील करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों के सभी कर्ज माफ कर दिए जाएंगे। यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। भाजपा सरकार में फिर आई तो संविधान में आरक्षण की व्यवस्था और वोट का अधिकार भी खत्म हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *