Dainik Athah

ऐसी क्या मजबूरी है अखिलेश जी! लगता है आपने हार स्वीकार कर ली है

  • उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा प्रमुख पर कसा तंज
  • इनके परिवार में भी एका नहीं है, वे चाचा को निपटा रहे हैं और चाचा उनको

अथाह संवाददाता मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शुक्रवार को मेरठ में कहा कि, पहले चरण का चुनाव खत्म होने को है और सपा मुखिया अखिलेश यादव मैदान में आने से बच रहे हंै। ऐसी क्या मजबूरी है अखिलेश जी! लगता है आपने हार स्वीकार कर ली है। मोदी के नेतृत्व में फिर भाजपा पश्चिम यूपी में इंडी गठबंधन का सफाया करने जा रही है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश चुनाव लड़ नहीं रहे हैं, वे हिम्मत हार चुके हैं। उनके मन में लगातार हार से डर बैठ गया है। अवसाद और डर की वजह से शायद वो अभी बाहर निकलकर प्रचार करने से डर रहे हैं। अखिलेश ने यादव समाज का सारा टिकट परिवार को दे दिया है। समाज के साथ छल करने का काम अखिलेश यादव ने किया है। उन्होंने कहा कि इनके परिवार में भी एका नहीं है, वे चाचा को निपटा रहे हैं और चाचा उनको। परिवार में सबको सांसद, विधायक बनना है। दूसरी ओर इनके इंडी पार्टनर्स के तौर पर कांग्रेस में बेटा और दामाद की लांचिंग और रिलांचिंग का ही काम चल रहा है। देश और प्रदेश बेटा- दामाद की राजनीति से आगे बढ़ चुका है।
पाठक ने कहा उत्तर प्रदेश में भाजपा और मोदी की लहर है। जनता के आशीर्वाद से मोदी जी की सरकार बनने जा रही है। यूपी की सभी सीटों पर कमल खिलने जा रहा है। पहले-दूसरे चरण के बाद हताश निराश विपक्ष सोशल मीडिया से भी भाग जाएगा। मोदी जी के नेतृत्व में योगी जी की सरकार ने प्रदेश में किसानों के गन्ने का रिकॉर्ड भुगतान सरकार नए किया है लगभग अब तक 2.5 लाख करोड़ का भुगतान प्रदेश के गन्ना किसानों को किया गया है। सपा-बसपा सरकारों का भी बकाया हमने चुकाया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में किसान के बिजली का बिल जीरो है। पश्चिम यूपी में बिजली कोई समस्या नहीं है। सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली मिल रही है। किसान की सिंचाई का खर्च आज शून्य हो गया है। इस्टर्न पेरीफेरल बना कर मेरठ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगो को बड़ी सहूलियत देने का कार्य किया गया। जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगो के औद्योगिक विकास और रोजगार समृद्धि और खुशहाली का बड़ा कार्य भाजपा सरकार ने किया है।
उन्होंने कहा, मेरठ की स्पोर्ट उद्योग, खेल विश्वविद्यालय की स्थापना तथा गुड उद्योग को बढ़ावा देने का कार्य भाजपा सरकार ने किया। आज मेरठ का क्रिकेट बैट दुनिया के देशों में जाता है। यहां का गुड यूरोप, अमेरिका और मिडल ईस्ट में जा रहा है। कहा कि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से माफिया राज का पूरी तरह सफाया हो गया है। जनता भय से मुक्त है। अब तो गाड़ी और भैंस चोरी का उद्योग भी बंद हो चुका है। पुलिस को देखते ही आज माफिया की पैंट गीली हो जाती है। हमने बड़े बड़े माफियाओं को कड़ी से कड़ी सजायें दिलाई हैं। अब यूपी में गुंडई के नाते पलायन की समस्या खत्म हो गई है। 2017 में राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद, ह्लनिर्दोष लोगोंह्ल के बजाय ह्लअपराधी और माफिया तत्वह्ल राज्य छोड़ रहे हैं। कहा कि, अब प्रदेश में दंगे नहीं उत्सव मनाये जाते हैं, लेकिन प्रदेश की जनता 2012-17 के बीच सपा की शागिर्दगी में हुए हजार दंगों को भूली नहीं है। वह इस चुनाव में सपा और उसके इंडी पार्टनर्स को एक बार फिर सबक सिखायेगी। भव्य राम मंदिर का निर्माण प्रधानमंत्री मोदी जी के सतत प्रयासों का परिणाम है। जिसे इंडी पार्टनर्स और खासकर कांग्रेस और सपा ने लटकाने और भटकाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी। सपा और कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि अयोध्या में राम मंदिर बने।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि, अब तो मोदी जी की बोटी-बोटी करने वाले भी वोट की खातिर राम-राम करने लगे हैं, लेकिन जनता को इनसे संभल कर रहना है। अहंकारी गठबंधन के वे लोग 12 लाख करोड़ रुपये के घोटालों और भ्रष्टाचार में शामिल हैं। सभी भ्रष्टाचारी आपस में मिलकर रैली निकाल रहे हैं, भ्रष्टाचारियों के लिए मौन व्रत रख रहे हैं।

पाठक ने कहा कि, मोदी अपनी बात पर कायम हैं, 2014 में उन्होंने कहा था कि जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है वे जेल जाएंगे और 2024 में भी वह यही बात कह रहे हैं। विपक्ष का लक्ष्य अपने परिवार के लोगों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनाना है। मोदी जी का लक्ष्य गरीबों, किसानों, असहायों, दलितों और आदिवासियों को मजबूत बनाकर अपने पैरों पर खड़ा करना है। जनता इनके नीति और नीयत दोनों जानती है और इस बार वह प्रदेश में 80 की 80 सीटों पर भाजपा को जीतकर इनके मंसूबों को फेल करेगी। इस मौके पर विधायक अमित अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा समेत अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *