Dainik Athah

पांच दिन में वापस होगी एफआईआर, समस्याओं का होगा समाधान

  • डंपिंग ग्राउंड हटाओ आंदोलन: विधायक अजीत पाल त्यागी की मौजूदगी में हुई त्रिपक्षीय वार्ता
  • छह जून के बाद सभी मुद्दे हल करने का दिया आश्वासन
  • वार्ता में उपस्थित रहे महानगर भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा

अथाह संवाददाता गाजियाबाद। डम्पिग ग्राउंड हटाओ आंदोलन के अन्तर्गत विधायक अजीत पाल त्यागी एवं महानगर भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा की मौजूदगी में हुई त्रिपक्षीय वार्ता में निर्णय लिया गया कि किसानों एवं ग्रामीणों पर दर्ज एफआईआर पांच दिन में वापस ली जायेगी। कूड़ा डंप मामले में छह जून को आचार संहिता समाप्त होने के बाद कार्यवाही की जायेगी।
शुक्रवार को नगर निगम में 31 मार्च को पाईप लाईन रोड़ भिक्कनपुर (मुरादनगर) में आयोजित ग्रामीण पंचायत में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक अजीत पाल त्यागी एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप आज नगर निगम गाजियाबाद के सभागार में त्रिपक्षीय वार्ता विधायक अजीत पाल त्यागी की मध्यस्थता एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा की उपस्थिति में हुई। बिन्दुवार चर्चा प्रारम्भ हुई, जिसमें सर्व प्रथम आन्दोलन के दौरान ग्रामीणों पर हुई एफआईआर को पांच दिन की समयावधि में वापस कर लिया जाएगा। पार्किंग की व्यवस्था, पानी का छिड़काव, प्रभावित गांवों में मच्छर के लिए फौगिंग की व्यवस्था, नाले की सिल्ट की सफाई सहित क्षतिग्रस्त सड़क एवं रास्ते की मरम्मत का कार्य शीघ्र प्रारंभ कर दिया जायेगा।
इसके साथ ही कहा गया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण कूड़ा डम्प बन्द किये जाने के कार्य से सम्बन्धित कार्यवाही छह जून से बाद प्रारंभ की जायेगी। साथ ही दोनों पक्षों की स्थिति को देखते हुए विधायक अजीत पाल त्यागी ने आचार संहिता की समाप्ति के उपरांत शासन स्तर पर एवं मुख्यमंत्री से मिलकर समस्या के समाधान हेतु वार्ता कराये जाने का आश्वासन दिया। जनप्रतिनिधि, शासन, एवं प्रशासन तीनों ग्रामीण जनता की इस विकट समस्या के प्रति गंभीर है एवं शीघ्रता के साथ विकल्प की तलाश की जा रही है, चुनाव आचार संहिता के बाद पुन: वार्ता होगी।
त्रिपक्षीय वार्ता में गाजियाबाद नगर निगम के नगरायुक्त विक्रमादित्य मलिक, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मिथलेश कुमार एवं मध्यस्थता कर रहे मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा एवं ग्रामीण जनता का प्रतिनिधित्व कर रही विकास संघर्ष समिति गाजियाबाद के अध्यक्ष चौधरी आजाद प्रमुख एवं सचिव सलेक भइया तथा डंम्पिग ग्राउंड हटाओ समिति पाईप लाईन रोड़ भिक्कनपुर (मुरादनगर) के सचिव कृष्ण देव आर्य (प्रधान मकरेड़ा), सीताराम शर्मा (रेवड़ी),

आकाश चौधरी प्रधान (मिलक चाकरपुर), मिन्टू प्रधान (भिक्कनपुर), प्रवीण त्यागी (भादौली), राजेन्द्र आर्य (बहादुरपुर), बूटन त्यागी, सुरज मुनि त्यागी (शाहपुर), दक्ष नागर (मथुरापुर), बृजपाल सिंह निमेश (मकरेड़ा) आदि शामिल रहे। वार्ता के उपरांत समिति के संचालक मंडल की विशेष बैठक में आगामी वार्ता होने तक आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया है। बैठक की अध्यक्षता चौधरी आजाद प्रमुख ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *