Dainik Athah

भाजपा कार्यकर्त्ताओं का सम्मान करें रालोद कार्यकर्त्ता: जयंत चौधरी

  • चौधरी चरण सिंह की नीतियों पर चल रही मोदी- योगी सरकार: जयंत चौधरी
  • किसी का सम्मान करने से ही कुछ प्राप्त किया जा सकता है: रालोद अध्यक्ष

अथाह संवाददाता
मोदीनगर
। रालोद मुखिया और राज्यसभा सांसद जयंत चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार के 10 सालों में सरकार की योजना जमीन तक पहुंची है और इन योजनाओं का वास्तविक लाभार्थियों को लाभ भी सीधे मिल रहा है। रालोद मुखिया ने कहा कि जो नीति पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की थी आज मोदी और योगी सरकार उन्हीं नीतियों पर चलकर उन्हें आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने रालोद कार्यकर्त्ताओं को भाजपा कार्यकर्त्ताओं को सम्मान देने की बात कर गठबंधन धर्म निभाने की सीख दे गये।

जयंत चौधरी बुधवार शाम भोजपुर में दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे के नजदीक रालोद- भाजपा गठबंधन प्रत्याशी डा. राजकुमार सांगवान के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विकास की गति को और आगे बढ़ाने के लिए तीसरी बार भी नरेंद्र मोदी को ही प्रधानमंत्री बनना होगा। प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल में किसने और गरीबों के लिए और बेहतर करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब महिला आरक्षण का बिल पास हो गया है और अब हम सभी को राजनीति में उन्हें हिस्सेदारी देनी होगी।

जयंत चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में महिला शक्ति की नई क्रांति आने वाली है और इसी के चलते हमें महिलाओं को सम्मान देना है। हमारे समाज को आगे बढ़ाने में महिलाएं एक अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने गठबंधन प्रत्याशी डॉ राजकुमार सांगवान को बहुत ईमानदार और मेहनतकश बताया तथा कहा कि चुनाव जीतने पर वह हमेशा आपके दुख दर्द में साथ रहेंगे। जयंत ने रालोद नेताओं और कार्यकतार्ओं से कहा कि हमें भाजपा के कार्यकतार्ओं का सम्मान करना है। उन्होंने कहा कि किसी का सम्मान करने से ही कुछ प्राप्त किया जा सकता है।

भाजपा विधायक डा. मंजू सिवाच ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने कहा था खुशहाली का रास्ता खेत और खलियान से होकर गुजरता है। चौधरी चरण सिंह के सिद्धांतों और सपनों को मोदी और योगी पूरा कर रहे हैं। जनसभा में रालोद विधायक मदन भैया, पूर्व विधायक सुदेश शर्मा, मास्टर राजपाल सिंह, त्रिलोक त्यागी, मनीषा अहलावत, अमित त्यागी, कपिल चौधरी, अमरजीत सिंह बिड्डी सहित अनेक नेताओं ने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुचेता सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष सतपाल प्रधान, मोदीनगर नगर पालिका अध्यक्ष विनोद जाटव वैशाली, निवाड़ी नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल त्यागी और पतला नगर पंचायत अध्यक्ष रीता चौधरी, रालोद युवा जिलाध्यक्ष जयदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *