Dainik Athah

भाजपा के मजबूत बूथ प्रबंधन में पन्ना प्रमुख मजबूत स्तंभ है: धर्मपाल सिंह

भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन ने पुष्प वर्षा कर बूथ अध्यक्षों का किया अभिनंदन

अथाह संवाददाता
वाराणसी/ लखनऊ
। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को पिंड्रा विधानसभा के बूथ अध्यक्षों की बैठक में प्रत्येक बूथ पर निश्चित विजय का मंत्र बूथ अध्यक्षों को सौंपा। बड़गांव, वाराणसी के बलदेव पीजी कॉलेज में आयोजित बैठक में सिटिंग प्लान के तहत बैठक को बूथ केंद्रित करके प्रशिक्षण दिया गया। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पुष्प वर्षा कर बूथ अध्यक्षों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व और भाजपा की मजबूत बूथ इकाइयां प्रदेश की सभी 80 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। इसके साथ ही अजगरा विधानसभा के पन्ना प्रमुखों से संवाद करते हुए कहा कि भाजपा के मजबूत बूथ प्रबंधन में पन्ना प्रमुख मजबूत स्तंभ है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बूथ अध्यक्षों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का आह्वान किया है, कि 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा को बूथश: जितने वोट प्राप्त हुए थे, उससे प्रत्येक बूथ पर 370 अधिक वोट प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि बूथ की मजबूत संरचना ही भाजपा की मजबूती का आधार है। बूथ की मजबूती के लिए बूथ समितियों की नियमित बैठक तथा बैठक में बूथ समिति के सदयों का घर से भोजन लाकर आपस में मिलकर भोजन करने से परिवार के रूप में कार्य करने का संस्कार निर्माण होता है। बूथ के सभी मतदातों से नियमित संपर्क व संवाद तथा लाभार्थियों के साथ नियमित संपर्क प्रत्येक लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा की रणनीति बूथ केंद्रित है। इसलिए भाजपा ने सिटिंग प्लान का नया प्रयोग किया है। जिसमे प्रत्येक कुर्सी पर अंकित बूथ नंबर पर संबंधित बूथ के अध्यक्ष को बैठाकर पूरे वातावरण को तथा बूथ अध्यक्षों को बूथ से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पार्टी की प्रदेश इकाई ने प्रदेश की सभी 80 सीटों को जितने को जो लक्ष्य लिया है, वह लक्ष्य भाजपा की मजबूत बूथ समितियां प्राप्त करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता विचारधारा के लिए काम करता है और भाजपा की विचारधारा में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद है, जिसमे देश के आर्थिक, सामरिक उत्थान, जन जन की संपन्नता और सांस्कृतिक विकास समाहित है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *