Dainik Athah

क्या नितिन नबीन और पंकज चौधरी वाले फॉर्मूले पर लगेगी मुहर!

भाजपा की नई टीमों में फॉर्मूले पर कार्यकर्ताओं की नजर

क्षेत्रीय अध्यक्षों पर भी लागू हो सकता है समान फार्मूला

लोकसभा और विधानसभा सत्रों के बाद टीमों के गठन की प्रक्रिया होगी तेज

नबीन – पंकज फॉर्मूले से नए कार्यकर्ताओं को मिलेगा मौका

अशोक ओझा

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ ही उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पद पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की नियुक्ति कर दी, लेकिन दोनों अध्यक्षों की टीम अब तक नहीं बन सकी है। जबकि पूरे देश के साथ ही उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय टीम के साथ ही प्रदेश की टीम का भी इंतजार है।

भाजपा में राष्ट्रीय स्तर पर टीमों को लेकर मंथन चल रहा है, लेकिन फार्मूला अभी तय नहीं हो सका है। पार्टी के कुछ नेताओं का मत है कि पुराने कार्यकर्ताओं को भी टीमों में शामिल करना पार्टी के हित में रहेगा। यदि पुरानों को किनारे किया गया तो कार्यकर्ताओं में गलत संदेश जाएगा। वहीं कुछ का मानना है कि पुरानों का अनुभव और युवा जोश को साथ लेकर टीमें बनेगी तो परिणाम भी बेहतर होंगे।

सूत्रों की मानें तो भाजपा के सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों पर भी समान ही फार्मूला लागू हो सकता है। यदि ऐसा हुआ तो चुनाव हार चुके जिन नेताओं की नजर क्षेत्रीय अध्यक्ष पदों पर है उन्हें निराशा का सामना करना पड़ेगा। कारण कि फूंके कारतूसों को यदि यह अहम पद दे दिया गया तो उसका औचित्य ही नहीं रह जाएगा।

बहरहाल अब सभी की नजरें दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तरफ लगी है। इसी कारण कार्यकर्ताओं की स्थिति भी यह है कि देखो और इंतजार करो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *