Dainik Athah

राज्यपाल से मुख्यमंत्री योगी की शिष्टाचार भेंट, बजट सत्र से पहले अहम मानी जा रही मुलाकात

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राज भवन पहुंचकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को “सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि” पुस्तक भेंट स्वरूप प्रदान की। दोनों के बीच हुई यह मुलाकात आगामी विधान मंडल के बजट सत्र से पहले काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, इस वर्ष का बजट सत्र लंबा चलने की संभावना है, जिसमें सरकार प्रदेश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और आर्थिक प्रगति से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत करेगी। बजट सत्र का शुभारंभ राज्यपाल के अभिभाषण से होना है, ऐसे में मुख्यमंत्री और राज्यपाल की यह बैठक विशेष महत्व रखती है।

मुलाकात के दौरान राज्य की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक स्थिति पर भी विचार-विमर्श होने की चर्चा है। इसके साथ ही आगामी सत्र की कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित करने को लेकर भी दोनों के बीच संवाद हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल को प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस शिष्टाचार भेंट के माध्यम से सरकार और राजभवन के बीच बेहतर समन्वय का संदेश दिया गया है, ताकि बजट सत्र के दौरान विधायी कार्य बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके। यह मुलाकात प्रशासनिक दृष्टि से भी सकारात्मक और महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *