Dainik Athah

लाल बहादुर शास्त्री ने देश में ईमानदारी की मिशाल पेश की: भूपेंद्र सिंह चौधरी

पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पौत्र विभाकर शास्त्री भाजपा में शामिल

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के समक्ष बुधवार को पार्टी के राज्यमुख्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के पौत्र एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विभाकर शास्त्री बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए। सदस्यता ग्रहण समारोह में पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, अमर पाल मौर्य, संजय राय, प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु दुबे उपस्थित रहे। संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर ने किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विभाकर शास्त्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा के साथ जुड़ने का निर्णय किया है। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई की ओर से मैं उनका स्वागत व अभिनंदन करता हूं। हम सभी ने मिलकर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का जो संकल्प लिया है। उस संकल्प के साथ आज विभाकर शास्त्री जुडे़ है। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का पूरे देश में सम्मान है और उनके द्वारा देश की शासन व्यवस्था में ईमानदारी की मिशाल पेश की गई। उस परम्परा को आगे बढ़ाने वाले विभाकर शास्त्री का भाजपा में अभिनंदन है। हम सभी मिलकर अन्त्योदय के मंत्र के साथ मोदी सरकार व योगी सरकार द्वारा स्थापित सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण की शासन व्यवस्था का संदेश लेकर जन-जन तक पहुंचेगें और आत्मनिर्भर भारत निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करेगें।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले विभाकर शास्त्री के भाजपा में जुड़ने से भाजपा मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर प्रत्येक बूथ पर भाजपा का कमल खिलाने के लिए काम करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में फिर एक बार भाजपा सरकार बनाकर आत्मनिर्भर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनेगें। विभाकर शास्त्री ने कहा कि भाजपा लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को आगे बढ़ा रही है। कांग्रेस की खराब नीतियों के चलते कांग्रेस छोड़कर भाजपा परिवार में शामिल हुआ हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *