Dainik Athah

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा: देश- प्रदेश में नफरत और समाज को बांटने वाली गतिविधियां चल रही है

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के कारण विकास अवरूद्ध है। लोकतंत्र से खिलवाड़ किया जा रहा है और संविधान खतरे में है। जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। अपराध बढ़ रहे हैं, लोग अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। महिलाएं रोज अपमानित हो रही है। जनता का हर वर्ग परेशान है और अब भाजपा से मुक्ति चाहता है।

अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय के डा. राममनोहर लोहिया सभागार में लखनऊ जनपद के नेताओं, कार्यकतार्ओं, पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भाजपा को वोट दिया था वे भी अब भाजपा से क्षुब्ध है। भाजपा नेतृत्व ने जितने वादे किए थे एक भी पूरा नहीं किया। किसान, नौजवान, शिक्षक, व्यापारी, अधिवक्ता सभी तो दु:खी हैं। देश- प्रदेश में नफरत और समाज को बांटने वाली गतिविधियां चल रही है।

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की उपेक्षा से राजधानी लखनऊ का वैभव भी फीका पड़ता जा रहा है। समाजवादी सरकार में बना गोमती रिवरफ्रंट गुजरात में साबरमती रिवरफ्रंट से ज्यादा शानदार है। लेकिन भाजपा नाले पर रिवरफ्रंट की योजना की चर्चा कर खुश है। समाजवादी सरकार में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नाम पर बना जेपीएनआईसी (जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर) यदि भाजपा राज में बर्बाद न होता तो राजधानी में यह एक शीर्ष बौद्धिक संस्थान होता। परिवहन सुविधा के लिए लखनऊ में मेट्रो रेल जहां तक समाजवादी सरकार में चली थी वहीं तक चलकर रूक जाती है। जिला मुख्यालय से जोड़ने के लिए फोरलेन सड़के, फ्लाईओवर और नए-नए संस्थान समाजवादी सरकार में ही बने थे। भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है। राजधानी लखनऊ के बड़े संस्थानों में मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। जब राजधानी की यह स्थिति है तो राज्य की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है।

अखिलेश यादव ने कहा आज जनता की निगाह एनडीए- भाजपा के मुकाबले पीडीए-इंडिया पर है। पीडीए में पीड़ित, दलित, अगड़े, पिछड़े, महिलाएं, अल्पसंख्यक सभी शामिल है। भाजपा कुछ वर्गों में सीमित है। इंडिया-पीडीए विकास और लोकतंत्र, समाजवाद के लिए प्रतिबद्ध है। पीडीए सामाजिक न्याय और जातीय जनगणना की पक्षधर है। भाजपा ने हमेशा पीडीए की उपेक्षा की है। वह आरक्षण को भी खत्म करने की साजिशें कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *