Dainik Athah

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया ने दोनों को लगाई फटकार, दी चेतावनी

नगर निगम बोर्ड बैठक में महापौर- पार्षद डागर के बीच हुए विवाद को भाजपा ने लिया गंभीरता से

इस प्रकार का व्यवहार अक्षम्य: सत्येंद्र सिसौदिया

भाजपा ने दोनों के व्यवहार को माना अनुशासनहीनता

डागर के खिलाफ उद्यमियों ने क्षेत्रीय अध्यक्ष से की शिकायत



अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
गाजियाबाद नगर निगम बोर्ड बैठक में महापौर सुनीता दयाल एवं पार्षद सचिन डागर के बीच हुए विवाद एवं आरोप- प्रत्यारोप को भाजपा ने गंभीरता से लिया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया ने दोनों को जमकर फटकार लगाते हुए चेतावनी भी दी।
बता दें कि नगर निगम बोर्ड बैठक में भाजपा पार्षद सचिन डागर ने महापौर एवं निगम अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाये थे। इससे भड़की महापौर सुनीता दयाल ने गर्दन काटने की बात कही थी, जिसको लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। इसके साथ ही पूरे प्रकरण में भाजपा की फजीहत भी हुई। पूरा मामले को प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने भी गंभीरता से लिया। जानकारी के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने इस मामले को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की थी। सूत्रों के अनुसार प्रदेश नेतृत्व से निर्देश लेकर गाजियाबाद पहुंचे क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया ने शनिवार को शाम भाजपा कार्यालय में महापौर एवं सचिन डागर को तलब कर लिया। उन्होंने दोनों से अलग अलग बात करने के बाद फिर दोनों को एक साथ बैठाकर जमकर फटकार लगाई। इतना ही नहीं उन्होंने दोनों को भविष्य के लिए चेतावनी भी दी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष के समक्ष महापौर एवं पार्षद सचिन डागर ने अपनी गलती मानी। इसके साथ ही भविष्य में ऐसा न करने का आश्वासन भी दिया। सत्येंद्र सिसौदिया ने स्पष्ट रूप से कहा कि भाजपा अनुशासन वाली एवं सैद्धांतिक पार्टी है। जन प्रतिनिधियों के इस प्रकार के व्यहार से जनता में गलत संदेश जाता है। सूत्र बताते हैं कि इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा भी मौजूद रहे।

फैक्ट्री संचालकों ने भी की भाजपा संगठन से सचिन डागर की शिकायत
सूत्रों के अनुसार फैक्ट्री संचालकों ने भी भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया से मिलकर इस मामले में सचिन डागर की शिकायत की और पैसा मांगने का आरोप लगाया। उन्होंंने डागर के अन्य मामले भी क्षेत्रीय अध्यक्ष के समक्ष रखे।
इस मामले में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया ने बात करने पर कहा कि दोनों के बीच उत्पन्न हुआ विवाद गंभीर था। भाजपा में ऐसे आचरण की इजाजत नहीं है। इस मामले में दोनों से बात करने के साथ ही पार्टी के निर्देशों से भी अवगत करा दिया गया। भविष्य में इस प्रकार के मामले की पुनरावृत्ति न होने का दोनों ने भरोसा दिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *