Dainik Athah

छग से धुंध हटी, विष्णुदेव साय होंगे मुख्यमंत्री

  • छत्तीसगढ़ को मिला पहला आदिवासी मुख्यमंत्री
  • 2 उप मुख्यमंत्री होंगे, रमन विधानसभा अध्यक्ष
  • सोमवार को तय हो जायेंगे राजस्थान- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के नाम
  • राजनाथ सिंह के नेतृत्व में पर्यवेक्षकों की टीम सोमवार को पहुंचेगी जयपुर
  • मध्य प्रदेश में मनोहर लाल खट्टर करेंगे विधायकों के साथ बैठक

अथाह ब्यूरो
नयी दिल्ली
। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बना सस्पेंस रविवार को खत्म हो गया। रायपुर स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की बैठक में विष्णुदेव साय के नाम पर मुहर लग गया। इसके साथ ही दो उप मुख्यमंत्री भी होंगे। राजस्थान और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री के नामों की घोषणा सोमवार को होने की संभावना जताई जा रही है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी सोमवार को सुबह जयपुर पहुंचेंगे।
रविवार को भाजपा के पर्यवेक्षक अर्जुन मुंडा, सबार्नंद सोनोवाल और दुष्यंत गौतम ने रायपुर में नव निर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की। पार्टी से जुड़े नेताओं का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने मुख्यमंत्री पद के लिए विष्णुदेव साय के नाम का प्रस्ताव रखा था। वहीं, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने उनका समर्थन किया। विधायक दल की बैठक में शामिल होने से पहले रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डिप्टी सीएम भी बनेंगे। वहीं, अब राज्य डिप्टी सीएम बनाने के लेकर चर्चा हो रही है। डिप्टी सीएम के लिए अरुण साव और विजय शर्मा का नाम सामने आ रहा है। वहीं, रमन सिंह को विधासभा स्पीकर बनाया जा सकता है।
छत्तीसगढ़ के मनोनीत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजभवन में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। विष्णु देव साय ने दो साल का धान का बकाया बोनस मूल्य 25 दिसंबर को देने की घोषणा की है।
छत्तीसगढ़ के बाद अब सभी की नजरें राजस्थान पर टिक गई है। राजस्थान का मामला भाजपा के लिए सबसे ज्यादा पेचिदा है। उम्मीद जताई जा रही है कि यदि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह राष्टÑपति द्रोपदी मुर्मू के कार्यक्रम में लखनऊ नहीं गये तो वे सोमवार को साथी पर्यवेक्षकों के साथ जयपुर पहुंच सकते हैं। सूत्र बताते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया शक्ति दिखाने का कोई मौका हाथ से नहीं जाने दे रही, हालांकि उन्होंने पार्टी के निर्णय के साथ रहने की बात कही है।
दूसरी तरफ मध्य प्रदेश में भी सोमवार की शाम तक मुख्यमंत्री का नाम तय होने की उम्मीद है। सोमवार को शाम तक विधायक दल की बैठक होने के बाद आम राय से मुख्यमंत्री का नाम तय होगा। सभी की नजरें राजस्थान और मध्य प्रदेश पर लगी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *