Dainik Athah

भाजपा ने पुरानों पर जमाया भरोसा: संजीव शर्मा एक बार फिर बनें गाजियाबाद भाजपा महानगर अध्यक्ष

  • सतपाल प्रधान गाजियाबाद जिलाध्यक्ष बनें
  • हापुड़ में नरेश तोमर, नोएडा महानगर में मनोज गुप्ता, गौतमबुद्धनगर में गजेंद्र मावी, मेरठ में सुरेश जैन (ऋतुराज) के हाथ कमान
  • पश्चिमी उप्र में मात्र तीन अध्यक्षों को ही मिल सका दूसरा कार्यकाल

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने लंबे समय से अटकी भाजपा के जिला व महानगर अध्यक्षों की सूची घोषित कर दी है। इस सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत पूरे प्रदेश के जिला संगठनों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। गाजियाबाद महानगर की कमान एक बार फिर संजीव शर्मा को सौंपी गई है। जबकि जिलाध्यक्ष पद पर सतपाल प्रधान को सौंपी गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शुक्रवार को सुबह सवा बारह बजे भाजपा के जिला व महानगर अध्यक्षों की सूची घोषित कर दी। सूची के अनुसार गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष पर संजीव शर्मा को दूसरा कार्यकाल दिया गया है, जबकि जिलाध्यक्ष पद सतपाल प्रधान को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। बता दें कि सतपाल प्रधान की पत्नी लोनी नगर पालिका के चेयरमैन पद का चुनाव हार चुकी है। पार्टी ने हापुड़ में नरेश तोमर को जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि नोएडा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता को भी दूसरा कार्यकाल दिया है। गौतमबुद्धनगर जिलाध्यक्ष पद पर गजेंद्र मावी, मेरठ महानगर में सुरेश जैन ऋतुराज, मेरठ जिला शिवकुमार राणा को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है।
इसके साथ ही रामपुर में हंसराज पप्पू, मुरादाबाद महानगर संजय शर्मा, मुरादाबाद जिले में आकाश पाल, अमरोहा उदय गिरी गौस्वामी, बिजनौर भूपेंद्र चौहान बॉबी, सहारनपुर महानगर पुनीत त्यागी, सहारनपुर जिला महेंद्र सैनी, मुजफ्फरनगर सुधीर सैनी, बागपत वेदपाल उपाध्याय, शामली में तेजेंद्र निर्वाल को अध्यक्ष पद सौंपा गया है। बुलंदशहर जिलाध्यक्ष पद पर विकास चौहान और संभल में हरेंद्र सिंह रिंकू को अध्यक्ष बनाया गया है।

पउप्र में तीन को ही मिल सका दूसरा कार्यकाल
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बात करें तो पूरे क्षेत्र में मात्र तीन जिला- महानगर अध्यक्षों को ही दूसरा कार्यकाल मिल सका है। इनमें गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, नोएडा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता एवं सहारनपुर जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी शामिल है। इनको छोड़कर पश्चिम के सभी जिला व महानगर अध्यक्ष बदले गये हैं। गाजियाबाद जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल के संबंध में कहा जा रहा है कि उम्र सीमा पार होने के कारण उन्हें हटाया गया है।

पुरानों पर भरोसा जता रही है पार्टी
भाजपा सूत्रों के अनुसार जितने भी अध्यक्ष बनाये गये हैं उनमें पुराने कार्यकर्ताओं पर पार्टी ने भरोसा जताया है। मेरठ महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज पूर्व में भी महानगर अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही मेरठ जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, बागपत वेदपाल उपाध्याय, मुजफ्फरनगर में सुधीर सैनी पूर्व में भी अध्यक्ष रह चुके हैं। शामली जिलाध्यक्ष नियुक्त किये गये तेजेंद्र निर्वाल पूर्व विधायक है। वे विधानसभा चुनाव हार गये थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *