Dainik Athah

सरकार महंगाई बढ़ाकर दस साल से जनता की जेब काट रही है: अखिलेश यादव

देश परिवर्तन चाहता है, इंडिया गठबंधन भाजपा को हराने जा रहा है

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि देश परिवर्तन चाहता है। इंडिया गठबंधन भाजपा को हराने जा रहा है। चुनाव जल्दी हो या बाद में समाजवादी पार्टी और सहयोगी दल पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और फैसलों से किसान, नौजवान, मजदूर और गरीब नाराज और दु:खी हैं। भाजपा ने गरीबों की उम्मीदों को तोड़ा है। भाजपा गरीबों को गुलाम बनाये रखना चाहती है।
सीतापुर में मीडिया से बात करते हुए यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के पास बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का कोई जवाब नहीं है। सरकार महंगाई बढ़ाकर दस साल से जनता की जेब काट रही है। 400 रुपये का गैस सिलेंडर 1100 रुपये से ज्यादा में बिकवाया। पूरे देश की जनता को लूटा। अब चुनाव सामने देखकर गैस सिलेंडर की कीमतों में सिर्फ 200 रुपये कमी की है। डीजल-पेट्रोल समेत खाने पीने की चीजें तेल और दाल की कीमतों में महंगाई आसमान पर है। उन्होंने कहा कि सरकार बताये कि इतने दिनों से जो गैस सिलेंडर महंगा रहा और अन्य चीजों की महंगाई है, उसका मुनाफा किसकी जेब में जा रहा है। यह सरकार मध्यम वर्ग और गरीबों की जेब काट कर पूंजीपतियों की तिजोरी भर रही है। गरीबों को धोखा दे रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने नोटबंदी करके दुनिया का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार किया है। पहले नोटबंदी की, फिर अपना ही छापा गया 2000 रुपये का नोट बंद कर दिया। इस मामले की जब भी समीक्षा होगी तो पता चलेगा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से झूठे वादे किये हैं। आज पढ़े-लिखे नौजवानों के हाथ में नौकरी और रोजगार नहीं है। गांवों में बड़े पैमाने पर नौजवान बेरोजगार हैं। सरकार ने दावा किया कि इन्वेस्टर समिट में 33 लाख करोड़ का एमओयू हुआ है, नौजवानों को नौकरी देने देने के सपने दिखाये लेकिन जमीन पर कहीं निवेश नहीं दिख रहा है। लखनऊ से मऊ, गाजीपुर, पूर्वांचल, बुंदेलखंड और इधर सीतापुर तक हमें कहीं भी कोई कारखाना, फैक्ट्री लगती नहीं दिखी। भाजपा सरकार बेरोजगारी पर झूठे आंकड़े देती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि घोसी में भाजपा सरकार के जितने भी मंत्री चुनाव में गये हैं वे जनता को अपना और सरकार का काम नहीं बता रहे हैं कि केन्द्र की सरकार के दस साल और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने छह सालों में जनता के लिए क्या काम हुआ है? उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बुनकरों की सुविधाएं छीन ली। बिजली महंगी कर दी है। बुनकर उद्योग संकट में है। समाजवादी सरकार में बुनकरों को बिजली बिल में छूट दिया था। बुनकरों को अन्य तमाम तरह की सुविधाएं दी थी।
घोसी उपचुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि जनता सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह को ऐतिहासिक वोटों से जिताने जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *