Dainik Athah

भाजपा सरकार में पुलिस- प्रशासन निरंकुश हो गया है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में पुलिस प्रशासन निरंकुश हो गया है। पुलिस लोगों की रक्षा करने के बजाए उन्हें पीट रही है और प्रताड़ित कर रही है। भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन गरीब और पीड़ित को अपमानित कर रही है। यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में अब सीधा जनता पर वार हो रहा है। कहीं पर पुलिस दरोगा पीड़ितों को पीट रहे हैं, तो कहीं पुलिस अनुशासनहीन होकर विपक्षी दलों पर अलोकतांत्रिक तरीके से कार्रवाई कर रही है। उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक डीजीपी के अकार्यवाहक दरोगा ने अपने आराम में खलल पड़ने पर फरियादी जनता पर ही अपनी बेल्ट से हिंसक प्रतिक्रिया दी। अच्छा हुआ दरोगा जी के पास बेल्ट है, थार या बुल्डोजर नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पुलिस अपराधियों और गुंडों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाए आम जनता और पीड़ितों पर अपना डंडा चलाकर गरीबों की आवाज को दबाना चाहती है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है, और लोकतंत्र को खत्म कर रही है। भाजपा सरकार और उसकी पुलिस जनप्रतिनिधियों और आम जनता के प्रति अमानवीय व्यवहार कर रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है, हर दिन हत्या, लूट डकैती और बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं।

यादव ने कहा है कि अपराधी और गुंडे खुलेआम घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं लेकिन पुलिस उनके खिलाफ कार्यवाही नहीं कर रही है क्योंकि गुंडों और अपराधियों को भाजपा सरकार और उसके नेताओं का संरक्षण मिला हुआ है जबकि यही पुलिस निर्दोष जनता को परेशान करती है और विपक्ष के नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे लगाकर उन्हें अपमानित और परेशान करती है।

अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार का व्यवहार पूरी तरह से तानाशाही है। अन्याय, अत्याचार चरम पर है। किसी को भी न्याय नहीं मिल रहा है। जनता में भाजपा सरकार के रवैए के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है, प्रदेश की जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा सरकार से इस तानाशाही व्यवहार का हिसाब जरूर लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *