Dainik Athah

धर्मपाल सिंह ने दिया मंत्र ‘बूथ जीता- चुनाव जीता’

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री संगठन ने मेरठ में की बैठक, गाजियाबाद नहीं आये

अथाह संवाददाता
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि हमारा पूरा फोकस बूथ होना चाहिये। यदि बूथ जीत लिया तो चुनाव भी जीत लिया।
धर्मपाल सिंह शनिवार को भारतीय जनता पार्टी पश्चिम क्षेत्र कार्यालय बागपत रोड पर चुनाव से संबंधित संगठन की बैठकों को संबोधित कर रहे थे। सभी बैठकों में मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह रहे। बैठक में पूर्व के कार्यों की समीक्षा और चुनाव के समय किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की गई।
बैठक में निकाय चुनाव में लगे पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि अब हमारा फोकस बूथ होना चाहिए। ‘बूथ जीता चुनाव जीता’ मंत्र के साथ सभी कार्यकतार्ओं का उपयोग करते हुए बूथ जीतने की रणनीति बनाएं। उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ कार्यकतार्ओं को बूथ प्रबंधन में लगाएं, चुनाव में अब तीन दिन शेष हैं इन दिनों में बूथ समिति और पन्ना समिति की बैठकें संपन्न कर ली जाएं। बूथ पर रहने वाले राष्ट्रीय, प्रदेश, क्षेत्रीय और महानगर- जिले के पदाधिकारी भी बूथ की बैठकों में सम्मिलित हों। उन्होंने कहा सभी कार्यकतार्ओं को बूथ से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी जाएं तथा यही संदेश दोहराया जाए कि भाजपा का कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा करते हैं।
बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं पश्चिम में निकाय के प्रभारी सुभाष यदुवंश, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल, जिला प्रभारी पंकज सिंह, राज्य सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह, सोमेंद्र तोमर, दिनेश खटीक, विधायक अमित अग्रवाल, पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं सदस्य विधान परिषद अश्वनी त्यागी, धर्मेंद्र भारद्वाज, सरोजनी अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, जिला अध्यक्ष विमल शर्मा, गौरव राणा, रमेश गौड़ कश्यप, अंबर स्वामी क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा इत्यादि संचालन समिति के सदस्य रहे।
बाक्स

गाजियाबाद में पदाधिकारी करते रहे इंतजार, नहीं आये संगठन महामंत्री
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह को मेरठ के बाद गाजियाबाद आकर गाजियाबाद जिला और महानगर की चुनाव संचालन समिति की बैठक को संबोधित करना था। इसके लिए कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी नेहरूनगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में पहुंच गये थे। सूत्रों के अनुसार बैठक प्रारंभ होने के समय से दस मिनिट पहले फोन कर बताया गया कि धर्मपाल सिंह नहीं आ रहे हैं। वे आवश्यक कार्य से लखनऊ वापस लौट रहे हैं। इसके बाद बैठक की खानापूर्ति कर सभी को विदा कर दिया गया। हालांकि संगठन महामंत्री के न आने से संगठन एवं प्रत्याशी समर्थकों ने राहत की सांस ली है। यदि वे आते तो एक बार फिर चुनाव प्रबंधन की पोल कार्यकर्ता ही खोल देते। बता दें कि दो दिन पहले क्षेत्रीय अध्यक्ष के सामने भी कार्यकर्ताओं ने प्रबंधन को लेकर जमकर आग उगली थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *