Dainik Athah

2017 में ही जनता सपा का सपना तोड़ चुकी है: भूपेंद्र सिंह चौधरी

सपा सपनों की दुनिया में जी रही है

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने मंगलवार को कहा कि समाजवादी पार्टी सपनों की दुनिया में जी रही हैं। जबकि जनता 2017 में ही सपा का सपना तोड़ चुकी है, उन्हें सत्ता से बेदखल भी कर चुकी है। सपनों की दुनिया में जी रही सपा अब भी नहीं समझ पा रही है कि प्रदेश की जनता उनके खिलाफ वोट करेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी व मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व मे भाजपा सरकार अंत्योदय एवं गरीब कल्याण को समर्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा मोदी-योगी के नेतृत्व में निकाय चुनाव में पुन: प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज कर विकास को और अधिक रफ्तार देने का काम करेगी।

भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश की जनता के सेवक के रूप में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ हर दिन लोगों की सुविधा और उनकी सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। जो लोग भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी में गले तक डूबे हुए हैं, उनसे भाजपा सरकार को किसी सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। उन्होंने सपा पर परिवारवादी पार्टी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब उनकी पार्टी के लोग भी इस बात को समझ चुके हैं। यही वजह है कि लोग उन्हें छोड़कर दूसरे दलों में जा रहे हैं। सपा प्रमुख को मंथन करना चाहिए कि क्यों लोग उन्हें छोड़कर जा रहे हैं। वो बदलाव की बात करते हैं, लेकिन पहले उन्हें अपनी पार्टी में बदलाव करने की आवश्यकता है, क्योंकि सपा विद रिलेशन यानी रिश्तेदारों वाली पार्टी बनकर रह गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा प्रमुख माफियाओं के पक्ष में तो खड़े होते है, लेकिन वो दो शब्द उन पीड़ितों के लिए नहीं बोलते जो इन माफिया के शिकार बनते है। उमेश पाल की हत्या पर ये मौन थे, यही इनका चरित्र है। माफियाओं को इनका संरक्षण और रिश्तों को पूरा प्रदेश जानता है।
भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश की 15 करोड़ आबादी को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। किसानों को फसल बीमा, किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है। जनहित में सैकड़ों योजनाएं चल रही हैं, जिनसे हर वर्ग के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। नगरों, कस्बों की सुंदरता के लिए कई उपाय किए गए हैं। स्वच्छता में हाल ही में उत्तर प्रदेश को केंद्र सरकार का प्रतिष्ठित हडको अवार्ड प्राप्त हुआ है। पार्कों का सुंदरीकरण भी हो रहा है और मेट्रो परियोजना का विस्तार भी। ट्रैफिक सिस्टम अब पहले से कहीं अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित हो चुके हैं। इसीलिए अब जनता कह रही है कि भाजपा को ही लाइए और सुविधाएं पाइए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *