Dainik Athah

लोनी चेयरमैन प्रत्याशी को लेकर विवाद के बाद डाली गई पर्ची

  • गाजियाबाद महानगर में विवादों से बचने के लिए वोटिंग का सहारा
  • महापौर के साथ ही मुरादनगर- खोड़ा चेयरमैन पदों के लिए भी हुई वोटिंग
  • महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा की पत्नी ऋतु शर्मा का नाम तेजी से आया सामने


अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
निकाय चुनाव में लगता है कि चुनाव की नौबत तो बाद में आयेगी, लेकिन उससे पहले ही भाजपा में वोटिंग की नौबत आ गई। महापौर पद के साथ ही मुरादनगर एवं खोड़ा नगर पालिका चेयरमैन के लिए भी वोटिंग का सहारा लिया गया। इससे पता चलता है कि भाजपा में महापौर के साथ ही चेयरमैन पदों के लिए संघर्ष तेज और कड़ा है।
गाजियाबाद जिले की प्रत्याशी चयन को लेकर शाम के समय पटेल मार्ग स्थित एक बेंक्वेंट हॉल में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रमुख रूप से जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण, महानगर प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि, केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, विधायक सुनील शर्मा, अतुल गर्ग, अजीत पाल त्यागी, एमएलसी दिनेश कुमार गोयल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा समेत महानगर के सभी महामंत्री, नगर पालिकाओं के प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो इसके लिए निर्णय लिया गया कि महापौर के साथ ही मुरादनगर एवं खोड़ा नगर पालिका चेयरमैन पदों के लिए वोटिंग होगी। इसके साथ ही सबसे पहले महापौर पद के लिए वोटिंग हुई जिसमें सभी ने अपनी पसंद के नाम लिखकर प्रभारी को सौंपे।

गाजियाबाद महापौर सीट के लिए महानगर अध्यक्ष की पत्नी ऋतु शर्मा का नाम तेजी से आया सामने


गाजियाबाद महानगर क्षेत्र की बैठक निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुई। इसका कारण यह था कि जिले की बैठक देरी से शुरू हुई। यदि सूत्रों पर भरोसा किया जाये तो महापौर पद के लिए अचानक ही नया नाम महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा की पत्नी ऋतु शर्मा का सामने आया है। ऋतु शर्मा सरकारी स्कूल में शिक्षिका है। हालांकि इस नाम की चर्चा सोमवार से ही तेजी से चल रही थी। इसके साथ ही अन्य नामों में भाजपा की पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लज्जा रानी गर्ग और यशोदा अस्पताल के मालिक डा. दिनेश अरोड़ा की पत्नी डा. शशी अरोड़ा का नाम शामिल है। हालांकि दावेदारों में तीन दर्जन से ज्यादा नाम है। सूत्र बताते हैं कि प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दयाल का नाम चौथे नंबर पर हो सकता है।

मुरादनगर में गोपाल अग्रवाल, राधे, मनोज शर्मा की पत्नी के नाम


सूत्रों के अनुसार मुरादनगर नगर पालिका क्षेत्र से तीन नामों को लेकर प्रमुखता से चर्चा की गई। इनमें महानगर महामंत्री गोपाल अग्रवाल की पत्नी रमा देवी, पूर्व चेयरमैन रेखा अरोड़ा, भाजपा के पुराने कार्यकर्ता के साथ ही संघ से जुड़े मनोज शर्मा की पत्नी आभा शर्मा प्रमुखता में है। संभावना है कि इन तीनों के नामों का ही पैनल तैयार कर भेजा जायेगा। सूत्रों के अनुसार अन्य दावेदार दौड़ में पीछे चल रहे हैं। इसके पीछे कारण उन्हें पंसद करने वालों की संख्या स्क्रीनिंग कमेटी में कम है।

खोड़ा मकनपुर में रही जोरदार खींचतान


खोड़ा मकनपुर में यह पता नहीं चल पा रहा है कि ऊंट किस करवट बैठेगा। निवृतमान चेयरमैन रीना भाटी के साथ ही महानगर पदाधिकारी चमन चौहान, कालू यादव, महेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में ऐसे नाम है जो टिकट चाहते हैं। इनमें महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष पूनम कौशिक का नाम भी है। हालांकि पूनम कौशिक ने मंगलवार को गाजियाबाद महापौर पद के लिए भी दावा ठोंक दिया। समाचार लिखे जाने तक वोटिंग की प्रक्रिया चल रही थी।

गाजियाबाद जिले में नगर निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी महामंथन में जुटी है। संगठन की दृष्टि से गाजियाबाद जिले की मोदीनगर, लोनी नगर पालिका के साथ ही निवाड़ी, पतला, फरीदनगर एवं डासना नगर पंचायत को लेकर मंथन समाप्त हो गया। इसके बाद गाजियाबाद महानगर के अंतर्गत आने वाले गाजियाबाद नगर निगम, मुरादनगर एवं खोड़ा मकनपुर नगर पालिका को लेकर मंथन चल रहा है। गाजियाबाद महापौर पद पर भाजपा नये ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगा सकती है। गाजियाबाद महानगर में महापौर के साथ ही मुरादनगर एवं खोड़ा नगर पालिका चेयरमैन पद को लेकर विवाद के मद्देनजर तीनों स्थानों पर वोटिंग का सहारा लिया गया। इसी प्रकार लोनी चेयरमैन के लिए भी पर्चियां डालीं गर्इं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *