Dainik Athah

गाजियाबाद महापौर सीट पर भाजपा लड़ा सकती है ब्राह्मण प्रत्याशी

  • गाजियाबाद जिले में निकाय चुनावों को लेकर भाजपा का महामंथन
  • लोनी में सामान्य सीट पर गुर्जर प्रत्याशी उतारेगी भाजपा
  • जिले की सभी निकायों के लिए देर रात तक चलता रहा मंथन

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
गाजियाबाद जिले में नगर निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी महामंथन में जुटी है। संगठन की दृष्टि से गाजियाबाद जिले की मोदीनगर, लोनी नगर पालिका के साथ ही निवाड़ी, पतला, फरीदनगर एवं डासना नगर पंचायत को लेकर मंथन समाप्त हो गया। इसके बाद गाजियाबाद महानगर के अंतर्गत आने वाले गाजियाबाद नगर निगम, मुरादनगर एवं खोड़ा मकनपुर नगर पालिका को लेकर मंथन चल रहा है। गाजियाबाद महापौर पद पर भाजपा नये ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगा सकती है।

गाजियाबाद जिले की निकायों के लिए मंथन मंगलवार को दोपहर आरकेजीआईटी महिला कॉलेज में हुआ। इस दौरान हुई बैठक में गाजियाबाद जिले के प्रभारी मंत्री अरुण असीम, जिले की प्रभारी और राज्यसभा सांसद कांता कर्दम, प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, विधायक डा. मंजू शिवाच, नंद किशोर गुर्जर, जिले के सभी महामंत्री और मंडल प्रभारियों के साथ ही कुछ प्रमुख लोग ही उपस्थित थे। बागपत सांसद डा. सत्यपाल सिंह कुछ देर के लिए बैठक में आये और वे कहां किसे चाहते हैं यह बताकर चले गये। जबकि गाजियाबाद सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह लोनी नगर पालिका की चर्चा के दौरान बैठक में पहुचे।

सूत्रों पर भरोसा किया जाये तो लोनी नगर पालिका को लेकर जैसी आशंका व्यक्त की जा रही थी वैसा ही हुआ। विधायक नंद किशोर गुर्जर ने एक दावेदार के ससुर को निशाने पर रखा। उन्होंने रालोद प्रत्याशी मदन भैया के चुनाव के दौरान प्रचार की कुछ तस्वीरें पेश की और सीधे आरोप लगाये। सूत्र बताते हैं कि नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि पैसे के बल पर टिकट न दिया जाये तथा पार्टी विरोधी काम करने वालों को किनारे किया जाये। उन्होंने यह भी संकेत दिये कि एक को छोड़कर पार्टी जिसे भी टिकट देगी वे उसके साथ रहेंगे। सूत्र बताते हैं कि लोनी में गुर्जर प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा, लेकिन प्रत्याशी कौन होगा इसका निर्णय भी प्रदेश नेतृत्व करेगा। जबकि लोनी नगर पालिका चेयरमैन सीट सामान्य महिला के लिए निर्धारित है। लोनी को लेकर बैठक में उपस्थित सभी लोगों से वोटिंग करवाई गई है। अब वोटिंग में जिसके नाम की पर्ची अधिक होगी उन्हीं नामों को पैनल में शामिल किया जायेगा।

मोदीनगर नगर पालिका चेयरमैन के लिए चार नामों का पैनल प्रदेश को भेजा जायेगा। सूत्र बताते हैं कि इस पैनल में दो नाम जाटव और दो नाम वाल्मीकि समाज से है। इनमें विनोद जाटव वैशाली के साथ ही अमित तिसावड़, विजय वाल्मीकि के नाम प्रमुखता से है। निवाड़ी नगर पंचायत के लिए भी तीन नामों का पैनल तैयार किया गया है। इसमें प्रदीप त्यागी और अनिल त्यागी पूर्व चेयरमैन मुख्य रूप से दौड़ में शामिल है। डासना नगर पंचायत क्षेत्र से भी तीन नामों का पैनल तैयार किया गया है। इसमें रानी नफीश पासा, नीतू सिंह के साथ ही मंडल अध्यक्ष दिनेश यादव की पत्नी का नाम भी पैनल में शामिल किया गया है। पतला नगर पंचायत से तीन आवेदक है। इस कारण इन तीनों का नाम पैनल में है। फरीदनगर से सूत्र बताते हैं कि पार्टी इस बार सैनी समाज के किसी चेहरे पर दांव लगा सकती है।

सूत्रों के अनुसार पार्टी ने इसके साथ ही मोदीनगर, लोनी समेत सभी नगर पंचायतों के सभासद प्रत्याशियों के नामों का पैनल तैयार किया है। पैनल में तीन- तीन नाम रखे गये हैं। सभासदों एवं नगर पंचायत चेयरमैन प्रत्याशी भाजपा की क्षेत्रीय टीम तय करेगी तो नगर पालिका चेयरमैन के नाम प्रदेश नेतृत्व तय करेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *