Dainik Athah

भाजपा ने 10 नगर निगम में प्रत्याशी घोषित किए, सुषमा खड़गवाल लखनऊ में महापौर प्रत्याशी

सहारनपुर नगर निगम महापौर पद पर चिकित्सक डॉ. अजय कुमार को प्रत्याशी बनाया


अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। भाजपा महिला मोर्चा की अवध क्षेत्र की पूर्व अध्यक्ष सुषमा खड़गवाल लखनऊ नगर निगम महापौर चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बनाई गई हैं। पार्टी ने रविवार रात पहले चरण की दस नगर निगम में महापौर पद के लिए प्रत्याशी घोषित किए। औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी की पत्नी एवं प्रयागराज की निवर्तमान महापौर अभिलाषा नंदी का टिकट काट कर प्रयागराज के महानगर अध्यक्ष उमेश चंद्र गणेश केसरवानी को प्रत्याशी बनाया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी नगर निगम में काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री अशोक तिवारी को महापौर प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर में गोरखपुर नगर निगम में चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव को महापौर का टिकट दिया गया है। मुरादाबाद नगर निगम में निवर्तमान महापौर विनोद अग्रवाल को लगातार दूसरी बार प्रत्याशी बनाया है।

पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित फिरोजाबाद नगर निगम महापौर पद पर पार्टी की कार्यकर्ता कामिनी राठौर को प्रत्याशी बनाया है। अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित आगरा नगर निगम महापौर पद पर पूर्व विधायक हेमलता दिवाकर को प्रत्याशी टिकट दिया है। पिछ़ड़ा वर्ग के लिए आरक्षित सहारनपुर नगर निगम महापौर पद पर चिकित्सक डॉ. अजय कुमार को प्रत्याशी बनाया है। मथुरा- वृंदावन नगर निगम में महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल को टिकट दिया है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित झांसी नगर निगम महापौर के पद पर पूर्व विधायक बिहारी लाल आर्य को प्रत्याशी बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *