Dainik Athah

योगीराज में आम और खास का फर्क मिटा तो सपा को होने लगा दर्द: भूपेंद्र चौधरी

अथाह ब्यूरो

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पशु-पक्षियों से प्रेम प्रदेश की जनता से छिपा नहीं है। गाय और सारस का अंतर सपा प्रमुख को समझना होगा। चिड़ियाघर में सारस को कैद नहीं किया गया, बल्कि संरक्षित किया गया है। सपा प्रमुख सारस की आड़ में आरिफ के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के जनप्रतिनिधियों द्वारा जनता पर किए जुल्म किसी से छिपे नहीं हैं। योगीराज में आम और खास का फर्क मिटा दिया गया तो सपा प्रमुख को परेशानी हो रही है।

योगी आदित्यनाथ सभी 75 जनपदों में जाकर विकास करते हैं तो सपा प्रमुख को नहीं दिखता, लेकिन बतौर सीएम खुद नोएडा नहीं जाते थे तो भेदभाव कौन करता है। यह जनता को पता है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा प्रमुख ने कांग्रेस को पहले भी साइकिल पर बिठाया था, जिसे जनता ने पंक्चर कर दिया। कांग्रेस-सपा, सपा-बसपा मिलकर भी भाजपा के खिलाफ चुनाव में साथ खड़े हुए पर जनता ने उन्हें नकार दिया। जनता उन्हें पहले भी हरा चुकी है, आगे भी हराएगी ही। यह लोग गठबंधन भी सिर्फ लाभ देखकर ही करते हैं।

जबकि भाजपा सरकार में किया गया विकास ही 25 करोड़ यूपी वालों का विश्वास है। भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास किया। सपा प्रमुख के मन में विकास नहीं, सत्ता की लोलुपता है।  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जाकी रही भावना जैसी सपा प्रमुख को छह साल में खुशहाल यूपी नहीं दिखता। उन्हें पक्षी नहीं, पक्षी की आड़ में राजनीति की चिंता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *