Dainik Athah

कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को मातृ शोक

मुख्यमंत्री- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जताया शोक

  • अथाह संवाददाता
    वाराणसी।
    उत्तर प्रदेश में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह की माता रामा देवी का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। वे 97 साल की थीं। वे लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शोक व्यक्त किया है।
    जमालपुर क्षेत्र के ओडी गांव निवासी कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह की माता के निधन के बाद घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने लोग पहुंच रहे हैं। कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह वाराणसी एयरपोर्ट से मिजार्पुर स्थित अपने पैतृक आवास पहुंचे। उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट वाराणसी पर किया गया।
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया और स्वतंत्र देव सिंह से फोन पर बात कर सांत्वना व्यक्त की।
    सीएम योगी ने ट्वीट करके लिखा- उ.प्र. सरकार में मेरे सहयोगी स्वतंत्र देव सिंह की पूज्य माताजी का निधन अत्यंत दु:खद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोक संतप्त परिवार को यह दु:ख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति!

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने प्रदेश के जलशक्ति मंत्री व पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की माताजी रामा देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *