Dainik Athah

जातीय जनगणना: उपमुख्यमंत्री केशव बोले, अखिलेश की मांग केवल एक ढोंग है

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा और कहा कि अखिलेश ये सब सिर्फ 2024 के चुनाव के लिए कर रहे हैं। इससे उन्हें कोई फायदा नहीं होगा

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा द्वारा प्रदेश में ब्लॉक स्तर पर जातीय जनगणना शुरू करने के अभियान को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सपा 2024 के लोकसभा चुनाव में लाभ के लिए केवल ढोंग कर रही है जब सरकार में थे तब उन्होंने कुछ नहीं किया।

उन्होंने तंज कसते हुए ट्वीट किया कि सपा की जातीय जनगणना की बात केवल ढोंग है। जब सरकार में थे तब मौनी बाबा बने रहे। अब 2024 में चुनावी लाभ के लिए जातीय जनगणना की मांग कर रहे हैं। अखिलेश यादव समाप्त हो रही सपा को बचाने के लिए अध्यक्ष पद किसी और को सौंप दें और जातिगत न्याय की शुरूआत संगठन से करें फिर ये बात करें।

उन्होंने बिहार में जातीय जनगणना पर कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हाल 2019 में यूपी के (सपा बसपा कांग्रेस रालोद ) भाजपा के खिलाफ नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए किए गठबंधन से भी खराब होगा। जनता ने मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए 51 प्रतिशत वोट के साथ 64 सांसद दिए थे।

सपा जातीय जनगणना को लेकर ब्लॉकवार अभियान शुरू करेगी। यह अभियान सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में चलेगा। पहले चरण में 24 फरवरी से पांच मार्च तक विभिन्न जिलों में संगोष्ठी एवं अन्य कार्यक्रम होंगे।

सपा जातीय जनगणना का मुद्दा लगातार उठाती रही है। विधानसभा चुनाव के दौरान घोषणा पत्र में भी इसे शामिल किया गया था। अब पार्टी इस मुद्दे को लेकर ब्लॉकवार अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत लोगों को समझाया जाएगा कि प्रदेश में इसकी जरूरत क्यों है, भाजपा इस मुद्दे से पीछे क्यों हट रही है? सपा की अभियान के तहत 24 व 25 फरवरी को वाराणसी, 26 व 27 फरवरी को सोनभद्र, 28 फरवरी और एक मार्च को मिजार्पुर, दो व तीन मार्च को भदोही और चार व पांच मार्च को प्रयागराज में संगोष्ठी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *