Dainik Athah

जिले के 65 किसानों को विशिष्ट कार्यों हेतु किया गया सम्मानित

पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह के जन्म दिवस पर मुरादनगर में पर कृषक सम्मान समारोह तथा कृषि गोष्ठी का आयोजन

अथाह संवाददाता
मुरादनगर।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस पर मुरादनगर में किसान सम्मान दिवस का आयोजन किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ चौधरी चरण सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण करने के उपरांत दीप प्रज्वलित कर केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल डा. वीके सिंह, विधायक मुरादनगर अजीत पाल त्यागी, विधायक मोदीनगर डा. मंजू सिवाच, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक ने किया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल डा. वीके सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने किसानों के हित में 1954 में उत्तर प्रदेश भूमि संरक्षण कानून को पारित कराया। उन्होंने कहा कि चौ. चरण सिंह ने 1957 में कृषि विविधिकरण करके तथा खेती की लागत कम करके किसानों की आय बढाने की व्यवस्था की थी। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के बीच जाकर योजनाओं की जानकारी दें तथा उसका लाभ दिलाये। उन्होंने किसानों को मोटा अनाज पैदा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने चौ. चरण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होने लाखों गरीब खेतिहर, मजदूर किसान को ऋण मुक्त कराने के लिए ऋण निर्मोचन विधेयक पास कराया।
इस मौके पर विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ही किसानों के मसीहा थे। वे गरीब, किसान एवं मजदूरों का हित सोचते थे। उन्होंने चौधरी चरण सिंह को महान व्यक्तित्व बताते हुए उन्हें नमन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि हमारे देश की 60 प्रतिशत से अधिक आबादी कृषि पर आधारित है। हमारे देश की संस्कृति कृषि प्रधान है। उन्होने आश्वस्त किया कि गन्ना किसानों के मूल्य का भुगतान नियमित कराया जाएगा। किसान सम्मान दिवस पर जनपद के 65 कृषकों को विशिष्ट कार्यों हेतु सम्मानित किया गया।

किसान सम्मान दिवस में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों डा. अरविंद कुमार, अनीता यादव, डा. अनंत कुमार, डा. प्रमोद कुमार आदि द्वारा उक्त सम्मेलन में उपस्थित कृषको को कृषि की विभिन्न तकनीकों द्वारा अपनी आय बढ़ाने हेतु टिप्स दिए गए जिससे कि जनपद में उत्पादन के साथ ही कृषकों की आय को भी बढ़ावा मिल सके। उक्त कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के 25 स्टाल लगाए गए थे। स्टॉल एवं कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन केंद्रीय राज्य मंत्री एवं विधायकों द्वारा अवलोकन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में 750 कृषक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *