लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गाजियाबाद में राष्टÑीय महामंत्री अरूण सिंह रहेंगे मौजूद
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने बताया की 27 जून शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के नौ स्थानों पर युवा मोर्चा आपातकाल के 50 वें वर्ष में मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम आयोजित करेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से मॉक पार्लियामेंट का शुभारंभ कार्यक्रम करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में विभिन्न जिलों में सहभागिता करेंगे।
द्विवेदी ने कहा कि कानपुर में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रयागराज में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, गाजियाबाद में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, मेरठ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, झांसी में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, अलीगढ़ में प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल, बरेली में प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, गोरखपुर में प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
प्रांशु दत्त द्विवेदी ने कहा यह कार्यक्रम कांग्रेस द्वारा 1975 में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र पर किए गए हमले की 50वीं बरसी पर आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को उस काले अध्याय की सच्चाई से अवगत कराना है, जब अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, मीडिया की आजादी एवं संविधानिक मूल्यों को कुचला गया था।
कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री वरुण गोयल ने बताया कि पूरे प्रदेश में इस कार्यक्रम को लेकर व्यापक जनजागरण किया जा रहा है। भाजयुमो प्रदेश मीडिया प्रभारी धनंजय शुक्ला ने बताया की कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए युवा मोर्चा ने प्रदेश के पदाधिकारियों को लगाया है। इनमें लखनऊ अमल खटीक, प्रयागराज राजेश राजभर, कानपुर अनुभव द्विवेदी, गाजियाबाद सोनू बाल्मीकि, अलीगढ़ रोहित मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई है।