- जन प्रतिनिधियों के साथ ही वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री ने किया संवाद
- ग्रेटर गाजियाबाद में शामिल होंगे लोनी, खोड़ा, मुरादनगर और डासना
- गे्रटर गाजियाबाद गठित होने पर सभी क्षेत्रों में तेजी से हो सकेगा विकास, केंद्र की योजनाओं का मिलेगा लाभ
- पूर्व जन प्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ भाजपाइयों ने शहर के विकास के लिए रखे अनेक प्रस्ताव

अशोक ओझा
गाजियाबाद। ग्रेटर गाजियाबाद की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कल्पना गाजियाबाद के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। ग्रेटर गाजियाबाद में लोनी, खोड़ा, मुरादनगर के साथ ही डासना के शामिल होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन में भाजपा के वर्तमान एवं पूर्व जन प्रतिनिधियों के साथ ही भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की तभी उन्होंने ग्रेटर गाजियाबाद को लेकर जन प्रतिनिधियों से विमर्श किया। उनके प्रस्ताव में लोनी, खोड़ा के साथ ही मुरादनगर नगर पालिका क्षेत्रों को शामिल किया गया था जिसका सभी ने स्वागत किया। हालांकि धौलाना विधायक धर्मेश तोमर ने इसमें डासना को भी शामिल करने का प्रस्ताव रखा।
मुख्यमंत्री ने बैठक में स्पष्ट किया कि गे्रटर गाजियाबाद के अस्तित्व में आने से गाजियाबाद के विकास को पंख लगेंगे। उन्होंने बताया कि शहर बड़ा होने से केंद्र सरकार की अनेक योजनाओं का लाभ भी गाजियाबाद को मिल सकेगा। इसके साथ ही विकास मद में पैसा भी अधिक आयेगा।
वैशाली मेट्रो का मोहननगर तक हो विस्तार
बैठक में पूर्व विधायक रूप चौधरी ने वैशाली मेट्रो का विस्तार मोहननगर तक करने का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इसको लेकर विचार किया जायेगा। वहीं पूर्व सांसद डा. रमेश चंद तोमर ने अवैध निर्माण को लेकर कहा कि अवैध निर्माण पर कार्रवाई हो रही है, लेकिन इस पर अधिक सख्ती की जरूरत है।
भवन निर्माण पर समान हो नियम
पूर्व विधायक रूप चौधरी ने भवन निर्माण को लेकर नियमों में एकरूपता लाने पर बल दिया। उन्होंने कहा जीडीए के नियम कुछ और है तो आवास विकास के कुछ। यदि समान नियम होंगे तो इसका लाभ भी लोगों को मिलेगा और किसी प्रकार का संदेह लोगों को नहीं होगा।
पुलिस भर्ती का लेकर मुख्यमंत्री की सराहना के साथ ही बधाई भी दी
बैठक में पुलिस भर्ती को लेकर मुख्यमंत्री योगी शासन की सराहना करने के साथ ही मुख्यमंत्री को बधाई भी दी गई। कहा गया कि गाजियाबाद जिले के 900 युवाओं का पुलिस भर्ती में चयन हुआ है। इसके लिए पहली बार न कोई सिफारिश और न ही कोई पसा चला।
हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण में अधिकारियों की कमी का उठा मुद्दा
बैठक में हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कमी का मुद्दा भी उठा, जिस कारण लोगों को परेशानी होती है।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरूण, नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, राज कुमार सांगवान, महापौर सुनीता दयाल, विधायक नंद किशोर गुर्जर, अजीत पाल त्यागी, डा. मंजू शिवाच, संजीव शर्मा, धर्मेश तोमर, एमएलसी दिनेश गोयल, धर्मेद्र भारद्वाज, पूर्व महापौर आशा शर्मा, आशु वर्मा, पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर, पूर्व विधायक रूप चौधरी, प्रशांत चौधरी, कृष्णवीर सिरोही, पूर्व महानगर अध्यक्ष अशोक मोंगा, मानसिंह गोस्वामी, अरविंद भारतीय, सरदार एसपी सिंह, विजय मोहन, अजय शर्मा, जीडीए बोर्ड सदस्य पवन गोयल, राजा वर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित थे। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने सभी का परिचय करवाया।