अथाह ब्यूरो
लखनऊ। राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी पार्टी एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद का विरोध करने वाले संविधान, सामाजिक न्याय, आरक्षण के विरोधी है। जो लोग सियासी नुकसान के डर से संविधान का विरोध नहीं कर पाते है, वह सेकुलर और सोशलिज्म के खिलाफ बोलते है। पीडीए ऐसे लोगों के मंसूबों का पूरा नहीं होने देगा।
गुरुवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में यादव ने कहा कि भाजपा सत्ता में पहुंचने के लिए तो संविधान की बात करती है। संविधान को मानने और उस पर चलने की चर्चा करती है लेकिन जब सत्ता में आ जाती है तब संविधान नहीं मानती है। बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर के बनाए संविधान के रास्ते पर नहीं चलती है। संविधान विरोधी कार्य करती है। भाजपा के लोग शपथ तो लेते है लेकिन उनके काम करने के तरीके से लगता है शपथ की निष्ठा का पूर्ण अभाव होता है। उन्होंने कहा कि इधर हम देख रहे है कि मुख्यमंत्री जी सोशलिस्ट और सेकुलरिज्म के बारे में बहुत बोलते है। सच्चाई तो यह है कि जो सोशलिस्टों के खिलाफ है, वही सेकुलर के खिलाफ है।
यादव ने कहा कि दरअसल ये मै और हम की लड़ाई है। समाज के निर्माण के लिए अपनी वैयक्तिता का विलय करना पड़ता है। जो लोग अपने स्वार्थ सिद्धि में लिप्त रहते है और हर समय अपने बारे में सोचते है वे केवल अपने दंभ और अहंकार में रहते हैं उन्हें समाज से कुछ लेना देना नही रहता है। ये खुदगर्ज लोग समाज और समाज से जुड़े हर विचार और शब्द के खिलाफ रहते है फिर वो शब्द चाहे सामाजिकता का हो या समाजवादी हो। इसीलिए चाहे सदन में हो या सदन के बाहर हो, कोई महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उनके इसी तरह के विचार सुनने को मिलते है। ये समाजवाद के खिलाफ है। ऐसे नकारात्मक लोग अपनी ताकत बनाये रखने के लिए समाज को कमजोर करते रहते हैं। उनकी शक्ति का प्रदर्शन तभी होता है जब समाज कमजोर दिखाई दे। ऐसे लोग मूल रूप से सांप्रदायिक होते है। पंथनिरपेक्ष और सेकुलरिज्म के धुर विरोधी होते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा धर्म को धर्म से और जाति को जाति से लड़ाने का काम कर रही है। भाजपा के लोग पूरे प्रदेश में सामाजिक सद्भाव खराब कर रहे हैं। समाजवादी लोग जनता के बीच पहुंचकर दूरियां कम करने का काम कर रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा बिहार में बहुत बुरी तरह से हार रही है। बिहार के लोग समझ गये है कि भाजपा महाराष्ट्र के फामूर्ले पर काम कर रही है। समाजवादी पार्टी बिहार में राष्ट्रीय जनता दल और तेजस्वी यादव के साथ है। उनकी पूरी मदद करेगी और पूरी तरह से लालू यादव के साथ खड़ी रहेगी।