Dainik Athah

प्रधानमंत्री ने चौ. चरण सिंह के सपनों को साकार करने लिए अनेक कार्यक्रम प्रारम्भ किये: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह की जयन्ती किसान सम्मान दिवस

मुख्यमंत्री ने किसानों तथा कृषक उत्पादक संगठनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया

आजाद भारत में यह प्रथम बार हुआ जब किसान देश के राजनैतिक एजेण्डे का हिस्सा बना, ईमानदारी से योजनाएं किसानों तक पहुंचीं: योगी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने तथा अन्नदाता किसानों के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाने के लिए उनकी आमदनी को दोगुना करने की दृष्टि से वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सत्ता सम्भालते ही अनेक कार्यक्रम प्रारम्भ किये। इनका लक्ष्य था कि लागत कम हो व उत्पादकता बढ़े। किसानों के कल्याण के लिए देश में अनेक योजनाओं को आगे बढ़ाते हुए उनका प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया गया। आजाद भारत में यह प्रथम बार हुआ, जब किसान देश के राजनैतिक एजेण्डे का हिस्सा बना है। ईमानदारी से योजनाएं किसानों तक पहुंची हैं।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयन्ती किसान सम्मान दिवस के अवसर पर यहां इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एग्रीगेशन-एफपीओ लीडरशिप समिट एण्ड एक्जिबिशन कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने चौधरी चरण सिंह जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा कार्य करने वाले किसानों तथा एफपीओ को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व, उन्होंने कृषक उत्पादक संगठनों के उत्पादों की प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया। उन्होंने ने कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं में कृषकों को अनुमन्य सुविधाएं, कृषि सम्बन्धी विषयों पर आधारित पत्रिका हरित कृषि तथा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित हो रहे कृषकों की विकास यात्रा पर आधारित तीन पुस्तकों तथा कृषि विभाग, उत्तर प्रदेश की कृषि वार्षिकी-2023 का विमोचन किया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज महान किसान नेता चौधरी चरण सिंह जी की पावन जयन्ती है। आजादी के तत्काल बाद उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया था कि अगर भारत को दुनिया की एक ताकत के रूप में उभरना है, तो हमें खेती व किसानी पर ध्यान देना होगा। भारत के विकास का मार्ग खेत व खलिहान से निकलेगा। आजाद भारत में कृषि व किसान कल्याण के लिए उनकी दूरदृष्टि आज हम सबके लिए मार्गदर्शक के रूप में है। उन्होंने कहा कि धरती माता हम सभी का पेट भरने के लिए अन्न देती है। यह हमारे स्वावलम्बन व सम्मान का आधार भी बनती है। धरती माता की सेहत की रक्षा के लिए प्रधानमंत्री ने स्वायल हेल्थ कार्ड की व्यवस्था प्रारम्भ की। उत्तर प्रदेश में मार्च, 2017 में सत्ता में आने के बाद हमारी सरकार ने सबसे पहले 86 लाख किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये के फसली ऋण को माफ किया था। विगत साढ़े पांच वर्षों में प्रदेश में लगभग 22 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करायी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल की लागत का डेढ़ गुना एमएसपी लागू करने के कार्य प्रदेश में प्रभावी ढंग से हो रहे हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से अब तक प्रदेश के 02 करोड़ 60 लाख किसानों के बैंक खातों में 51 हजार करोड़ रुपये की राशि भेजी जा चुकी है। विगत साढ़े पांच वर्षों में प्रदेश में क्रय केन्द्रों के माध्यम से बिना किसी बिचौलिये के अन्नदाता किसानों से उनके उत्पाद सीधे क्रय कर उन्हें एमएसपी का लाभ डीबीटी के माध्यम से दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के गन्ना किसानों को 01 लाख 84 हजार करोड़ रुपये के गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया है। कोरोना महामारी के दौरान भी प्रदेश की चीनी मिलों को बन्द नहीं होने दिया गया, सभी 119 चीनी मिलों का संचालन किया गया। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में नई चीनी मिलें लगायी गयी। चौधरी चरण सिंह जी की कर्मभूमि में नई चीनी मिल की स्थापना की गई। इसी तरह मुण्डेरवा तथा जनपद गोरखपुर के पिपराइच में नई चीनी मिलें लगाई गई। मोहिउद्दीनपुर तथा नजीबाबाद स्थित चीनी मिलों की क्षमता का विस्तार किया गया। आज हमारे अन्नदाता किसान प्रदेश की कृषि विकास दर को बढ़ाने में अपना योगदान दे रहे हैं तथा अपनी मेहनत तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करते हुए सम्मानजनक ढंग से आगे बढ़ने का कार्य कर रहे हैं, यह एक नई स्थिति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत आठ वर्षों से देश ने देखा है कि खेती में भी तकनीक का उपयोग हो सकता है। उत्तर प्रदेश में लघु और सीमांत किसानों की संख्या ज्यादा है। तकनीक अपनाने के लिए जोत का आकार बड़ा होना आवश्यक है। छोटे किसान तकनीक का ज्यादा प्रयोग नहीं कर सकते हैं। कृषक उत्पादक संगठन इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश को देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनाने तथा प्रदेश को सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ाने के लिए कृषि विकास दर को वर्तमान दर से दोगुना करना आवश्यक है। उत्तर प्रदेश में इसकी क्षमता है। प्रदेश यह कार्य कर सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में देश की कुल आबादी का 16 प्रतिशत हिस्सा निवास करता है। जबकि हमारे पास देश की कुल 11 प्रतिशत कृषि भूमि है। यह कृषि भूमि देश की सबसे उर्वरा भूमि है। हमारे यहां सबसे अच्छे जल संसाधन भी हैं। इस 11 प्रतिशत भूमि से प्रदेश का अन्नदाता किसान देश के कुल खाद्यान्न के 20 प्रतिशत की आपूर्ति करता है। इस क्षमता को बढ़ाने की आवश्यकता प्रदेश तथा देश में महसूस की जा रही है। उत्तर प्रदेश में यह क्षमता है कि इसे आगे बढ़ा सके। प्रधानमंत्री जी ने देश को 05 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की बात की है। इसके लिए उत्तर प्रदेश को 01 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। इसके लिए आवश्यक है कि राज्य में कृषि विकास दर को बढ़ाया जाए। कृषि विकास दर को बढ़ाने में एफपीओ तथा तकनीकी बड़ी भूमिका का निर्वहन कर सकती है। यह आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। डबल इंजन की सरकार ने इस दिशा में प्रयास प्रारम्भ किये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सभी क्षेत्रों में सम्भावनाएं हैं। हम सहफसली, औद्यानिक फसलों, सब्जियों के उत्पादन तथा उनके निर्यात की कार्यवाही एवं पशुपालन आदि के लिए अच्छे प्रयास प्रारम्भ कर उन्हें बढ़ावा दे सकते हैं। तकनीक के माध्यम से अन्नदाता किसान पेस्टिसाइड तथा जीवामृत आदि के छिड़काव के लिए मैनुअली कार्य करने के बजाय, ड्रोन का उपयोग करें, तो इससे समय की बचत होगी तथा लागत भी कम होगी। इन सभी के बारे में प्रशिक्षण लेना तथा इन कार्यक्रमों को आगे बढ़ाना यह महत्वपूर्ण है। आज डबल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा व मार्गदर्शन से इन कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा जिन प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया है, उन्होंने लागत को कम करके कृषि व खाद्यान्न की उत्पादकता को बढ़ाने के साथ-साथ औद्यानिक फसलों के उत्पादन में भी बड़ी भूमिका का निर्वहन किया है। कार्यक्रम में सम्मानित हुए अन्नदाता किसानों तथा एफपीओ का अभिनन्दन करते हुए उन्होंने कहा कि सभी प्रगतिशील किसान स्वयं को कृषि विज्ञान केन्द्रों तथा कृषि विश्वविद्यालय से जोड़ते हुए अन्य किसानों को भी प्रेरित करें।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी का कहना था कि देश के विकास का रास्ता खेत व खलिहानों से होकर गुजरता है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 08 वर्षों से देश में व मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विगत साढ़े पांच वर्षांे से प्रदेश में किसानों की आमदनी को बढ़ाकर उन्हें समृद्ध व सम्पन्न बनाने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इस अवसर पर उद्यान एवं कृषि विपणन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह ओलख, कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुवेर्दी, अध्यक्ष उपकार कैप्टन विकास गुप्ता, सूचना निदेशक शिशिरउपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *