Dainik Athah

भाजपा राज में महिलाओं और बच्चियों का जीवन असुरक्षित: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में महिलाओं और बच्चियों का जीवन सर्वाधिक असुरक्षित है। कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब प्रदेश के किसी जनपद में दुष्कर्म, लूट, अपहरण और हत्या की घटनाएं न होती हों। मुख्यमंत्री लाख सुरक्षा और कड़ी कार्यवाही के बयान जारी करते रहें, नौकरशाही पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। खासकर, भाजपा सरकार में दलित और वंचित वर्ग की बेटियों पर अत्याचार बढ़ता ही जा रहा है।

उन्होंने कहा पिछले दिनों मथुरा में दुष्कर्म की घटना से सहमी हुई दलित युवती ने कुएं में कूदकर जान देने की कोशिश की। लखनऊ के नगराम में बीए की एक छात्रा की हत्या कर दी गई। लखनऊ के पीजीआई इलाके में युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना विचलित करने वाली है। युवती साउथ सिटी स्थित शेल्टर होम से सोमवार शाम घूमने निकली थी उसको बंधक बनाकर तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। उन्होंने कहा पांच दिन पूर्व बागपत में ट्यूशन से लौटते वक्त एक बच्ची का अपहरण हो गया उसके 10 मिनट बाद ही उसका कत्ल हो गया। बच्ची सात साल की थी। यह हृदयविदारक घटना है। भाजपा सरकार बहन बेटियों की सुरक्षा में पूरी तरह विफल है। सत्ता संरक्षित अपराधियों के हौसले बुलंद है। उन्हें किसी का खौफ नहीं रह गया है। मुख्यमंत्री जी कब बहन बेटियों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील होंगे?

अखिलेश यादव ने कहा समाजवादी पार्टी की सरकार में बहन बेटियों की तत्काल सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक व्यवस्था 1090 वूमेन पावर लाइन और अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 एम्बुलेंस पुलिस सेवा शुरू की गयी थी। भाजपा सरकार ने इन सभी योजनाओं को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। पुलिस सेवा यूपी डायल 100 को 112 बना कर इसको निष्प्रभावी बना दिया गया है। भाजपा सरकार की अपराध नियंत्रण में कोई रुचि नहीं है। भाजपा के विधायक ही दबंगई दिखाते और पुलिस थानों में जाकर रौब जमाते हैं। अपराधी तत्व निश्चिंत होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *