Dainik Athah

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के आगाज में जुटीं देश-विदेश की नामचीन हस्तियां

औद्योगिक घरानों ने दिया भरपूर समर्थन का आश्वासन

अथाह ब्यूरो
नई दिल्ली
। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मंगलवार को दिल्ली में एक रंगारंग कार्यक्रम में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का शानदार आगाज हुआ।
 कार्यक्रम में शामिल 20 देशों के राजनयिक, विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधि तथा प्रमुख औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधियों के समक्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आयोजन की विस्तार से जानकारी दी। उद्योगपतियों ने एक स्वर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आश्वस्त किया कि इस आयोजन को सफल बनाने में उनकी ओर से कोई कसर नहीं बाकी रखी जाएगी। 
औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधियों ने जोर देकर कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को पांच ट्रिलियन की इकानमी बनाने का सपना देखा है और उस सपने को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की अर्थवयवस्था को एक ट्रिलियन की ऊंचाई तक पहुंचाकर प्रधानमंत्री के सपने को पूरा करने का संकल्प व्यक्त किया है। देश की अर्थव्यवस्था को इस नई ऊंचाई तक ले जाने में औद्योगिक घराने भी पीछे नहीं रहेंगे। 


सीआईआई के उपाध्यक्ष संजीव पुरी ने कहा कि यह बहुत ही महत्वपूर्ण समिट है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उत्तर प्रदेश भारत के विकास का इंजन है। मुख्यमंत्री के विजन और नीतियों ने सबको प्रभावित किया है। प्रदेश सरकार ने राज्य के विकास के लिए कई कदम उठाए हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में तेजी से काम हुआ है। एयर कनेक्टीविटी, एक्सप्रेस वे का नेटवर्क तैयार किया गया है ताकि अधिक से अधिक उद्योग को प्रोत्साहित किया जा सके। रोजगार के क्षेत्र में सरकार प्रयास कर रही है। कानून- व्यवस्था के मामले में भी योगी सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किया है। उत्तर प्रदेश विकास के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री की देखरेख में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिए उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश केंद्र बनाने पर फोकस किया जा रहा है। औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई है। राज्य सरकार के नियमों एवं प्रक्रियाओं में सरलीकरण करने के बाद से प्रदेश में व्यापार के लिए अनुकूल वातावरण सृजित हुआ है। 


वहीं, फिक्की के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने जा रहे शुभ्रकांत पांडा ने कहा कि उत्तर प्रदेश इस समय विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है। बिजनेस फ्रेंडली वातावरण तैयार हुआ है। निवेशकों की सहूलियत के लिए कई तरह पालिसी तैयार हुई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रीलियन तक जल्द से जल्द ले जाना चाहते हैं। उत्तर प्रदेश में देश-विदेश के बड़े निवेशकों को आकर्षित करने के लिए प्रदेश की बदली हुई छवि को रोड शो के जरिये प्रचारित किया जाएगा। फिक्की उत्तर प्रदेश सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगा और देश एवं प्रदेश के विकास में पूरा सहयोग देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *