Dainik Athah

नगर आयुक्त ने व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के दिये निर्देश

विभागीय अधिकारियों के साथ छठ घाटों पर पहुंचे नगर आयुक्त

छठ से पहले एवं पर्व के बाद भी हो पूरी तरह से सफाई

प्रत्येक छठ घाट के लिए निगम अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई


अथाह संवाददाता
गाजियाबाद
। नगर आयुक्त डा. नितिन गौड़ ने छठ घाटों का निरीक्षण करने के साथ ही निगम के सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि छठ पर्व से पहले ही सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण कर लिया जाये।
मंगलवार को सुबह नगर भ्रमण के दौरान नगर आयुक्त डा. नितिन गौड़ ने छठ घाटों की व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर सभी विभागीय अधिकारियों को भी उपस्थित रहने के लिए कहा गया था। इस समय शहर के समस्त छठ घाटों की मरम्मत में रंगाई पुताई का कार्य जोरों पर चल रहा है साथ ही संबंधित छठ पर्व मनाने वालों से भी लगातार संपर्क रखते हुए कार्यों को कराया जा रहा है। अधिकांश पुरबिया समाज की समितियों द्वारा नगर आयुक्त महोदय के माध्यम से अधिकारियों को छठ घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं करने के लिए अवगत कराया गया।


श्रद्धालुओं के आवागमन में मार्गों की सफाई व्यवस्था व पूर्ण रूप से गड्ढा मुक्त की व्यवस्था, मार्गों में प्रकाश व्यवस्था, छठ घाटों का सौंदर्यकरण, छठ घाटों पर सफाई व्यवस्था, स्वच्छ पानी के टैंकरों की व्यवस्था, छठ घाटों पर शौचालय व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने के लिए नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर निर्देश दिए गये। उन्होंने कहा गाजियाबाद नगर निगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों में किसी प्रकार की श्रद्धालुओं को परेशानी ना हो इसका विशेष ध्यान रखा जाये। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय पार्षदों का भी विशेष योगदान निगम की टीम को मिल रहा है।


महापौर आशा शर्मा तथा डॉ नितिन गौड़ के निर्देश अनुसार त्योहारों से पूर्व तथा त्योहारों के बाद भी सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश डॉ मिथिलेश नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए हैं। जिसके अनुरूप उनके द्वारा कार्यवाही कराई जा रही है। छठ घाटों पर फागिंग की व्यवस्था को भी बेहतर करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ रंग बिरंगी लाइट से सौंदर्यीकरण करने के लिए भी कहा गया है।

प्रत्येक छठ घाट के लिए तय की गई निगम अधिकारियों की जिम्मेदारी
हिंडन नदी छठ घाट जहां पर सबसे अधिक श्रद्धालुओं का आना होता है वहां पर विशेष सभी व्यवस्थाओं के साथ साथ संबंधित अधिकारी को भी जिम्मेदारी दी गई है कि मौके पर किसी प्रकार की असुविधा ना हो। इसके अलावा अन्य छठ घाटों पर भी नगर आयुक्त के निदेर्शानुसार जोनल प्रभारी समेत कई अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है या यूं कहे कि प्रत्येक छठ घाट पर व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए गाजियाबाद नगर निगम के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है ताकि किसी प्रकार की असुविधा गाजियाबाद नगर निगम सीमा अंतर्गत श्रद्धालुओं के छठ घाटों पर ना हो।

हिंडन छठ घाट, मोहन नगर छठ घाट, लाल कुआं स्थित छठ घाट कवि नगर स्थित छठ घाट व अन्य छठ घाटों का जायजा लिया गया निरीक्षण के दौरान मौके पर डॉ मिथिलेश नगर स्वास्थ्य अधिकारी, महाप्रबंधक जल आनंद त्रिपाठी, प्रकाश व्यवस्था के लिए योगेंद्र यादव, निर्माण टीम से देशराज व अन्य उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *