Dainik Athah

भाजपा के पुराने एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं को टिकटों में मिलेगी प्राथमिकता: जनरल वीके सिंह

दैनिक अथाह से सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह की खास बातचीत

सड़क निर्माण पूरी तरह होने के बाद ही चल सकेगी आरआरटीएस

ईस्टर्न पेरिफेरिल से यमुना एक्सप्रेस की कनेक्टिविटी के लिए उसी कंपनी को प्राथमिकता जो जल्द काम पूरा करेगी: वीके सिंह

गाजियाबाद से लगातार दूसरी बार सांसद एवं केंद्र सरकार में सड़क परिवहन एवं नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह दीपावली के अवसर पर अपने राजनगर स्थित आवास पर थे। इस दौरान फुर्सत के क्षणों में दैनिक अथाह के संपादक अशोक ओझा ने उनसे निगम चुनाव से लेकर अन्य मुद्दों पर खुलकर बातचीत की। प्रस्तुत है बातचीत के प्रमुख अंश:-
अथाह- इस समय निकाय चुनाव सिर पर है ऐसे में पार्टी की प्राथमिकता नये चेहरों को रहेगी अथवा पार्टी कार्यकर्ताओं को?
निकाय चुनाव में पार्टी के पुराने एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं पूरा सम्मान मिलेगा। पार्टी का प्रयास होगा कि कार्यकर्ताओं को ही अधिक से अधिक टिकट दिये जायें। टिकट चाहे सभासद से लेकर पार्षद का हो अथवा कोई अन्य। हालांकि अभी आरक्षण तय नहीं है। आरक्षण तय होने के बाद टिकटों पर भी निर्णय लिया जायेगा।
अथाह- निकाय चुनाव के प्रदेश में परिणाम क्या होंगे, जबकि अधिकांश नगर पंचायतों पर विपक्षी दलों का कब्जा है?
निकाय चुनाव में भाजपा का परचम लहरेगा इसमें कोई शक नहीं होना चाहिये। नगर पंचायत से लेकर नगर निगम तक भाजपा की जीत होगी। रही बात नगर पंचायतों की तो आप देखिये विपक्षी दल दावा करते थे कि ब्लाक प्रमुख एवं जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में भाजपा की हार होगी। लेकिन जो परिणाम है वह सभी के सामने है। इसी प्रकार निकाय चुनावों में भाजपा की चौतरफा जीत होनी निश्चित है। नगर पंचायतों में जीतने वाले को ही टिकट दिया जायेगा। 2022 विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा की स्थिति मजबूत बनी है।
अथाह- निकाय चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा- रालोद मिलकर चुनाव लड़ेंगे, इसका भाजपा पर कितना असर होगा?
प्रदेश के विधानसभा चुनाव भी सपा- रालोद के साथ ही अन्य दलों ने मिलकर लड़ा था। इससे पूर्व सपा- बसपा मिलकर चुनाव लड़े थे। परिणाम क्या रहा, यह सबके सामने है।
अथाह- प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने भी आरआरटीएस का जहां काम चल रहा है वहां की बदहाल सड़कों का मुद्दा उठा था, लेकिन हालात देखिये सड़कों पर चलना लगातार कठिन होता जा रहा है?
आरआरटीएस तभी चल सकेगी जब वह सड़कों को पूरी तरह बना देगी। आपको यह विश्वास दिलाता हूं कि जब तक सड़कें नहीं बनेगी आरआरटीएस (हाई स्पीड ट्रेन) का संचालन नहीं होगा। यह हमने स्पष्ट कर दिया है। यह आरआरटीएस की शर्तों में भी शामिल है।
अथाह- एक बड़ा सवाल यह है कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे से यमुना एक्सप्रेस वे की कनेक्टिविटी नहीं हो रही है। यदि दोनों की कनेक्टिविटी हो जाये तो जनता का समय बचेगा, इसके साथ ही एनएचएआई को भी लाभ होगा?
यह समस्या हल कर ली गई है। यमुना अथॉरिटी एवं एनएचएआई की बातचीत होने के बाद इसके टेंडर छोड़ने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। जो कंपनी जल्द जल्द दोनों एक्सप्रेस वे में कनेक्टिविटी बनायेगी उसे ही काम दिया जायेगा। उम्मीद है कि जल्द ही यह काम शुरू हो जायेगा।

जनरल वीके सिंह ने कहा कि गाजियाबाद- कानपुर इकॉनामिक कारिडोर के निर्माण से गाजियाबाद से लखनऊ जाना और आसान हो जायेगा। इसका काम भी शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *