Dainik Athah

नगर पालिका चेयरमैन रंजीता- पूर्व चेयरमैन मनोज धामा थामेंगे हैंडपंप!

भाजपा को आज लगेगा लोनी में झटका
आगामी निकाय चुनाव के लिए शुरू हुआ दल- बदल का खेल

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
मंगलवार का दिन भारतीय जनता पार्टी के लिए झटका देने वाला रहेगा। लोनी नगर पालिका चेयरमैन रंजीता धामा एवं पूर्व चेयरमैन मनोज धामा राष्टÑीय लोकदल में शामिल होने की घोषणा करेंगे।
बता दें कि लोनी नगर पालिका चेयरमैन रंजीता धामा ने 2022 विधानसभा चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ा था। इसके बाद भाजपा ने उन्हें छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्काशित कर दिया था। उस समय पूर्व चेयरमैन एवं रंजीता धामा के पति मनोज धामा जेल में थे। इसी कारण भाजपा से केवल रंजीता धामा को निकाला गया था। यदि देखा जाये तो मनोज धामा को भाजपा से निकालने की कोई घोषणा नहीं हुई थी। पिछले लंबे समय से मनोज धामा से विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता संपर्क साध रहे थे। लेकिन वे तय नहीं कर पा रहे थे कि किस पार्टी का दामन थामना है।

सूत्रों के अनुसार मंगलवार को होने वाली रालोद की प्रेस वार्ता में मनोज धामा एवं रंजीता धामा राष्टÑीय लोकदल में शामिल होंगे। हालांकि इसकी पुष्टि अधिकारिक सूत्रों से नहीं हुई है। उनके रालोद में शामिल होने से पूर्व विधायक मदन भैया एवं धामा का गठजोड़ होने की पूरी संभावना है। इतना ही नहीं वे रालोद से नगर पालिका चेयरमैन का चुनाव भी लड़ सकते हैं। इसे धामा का बड़ा राजनीतिक कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *