Dainik Athah

गाजियाबाद जिला समेत यूपी के 11 जिले ‘गिफ्ट ऑफ सेवा में’ टॉप 20 में

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर आयोजित सेवा पखवाड़ा

भाजपा ने जारी की टॉप 20 जिलों की सूची से कार्यकर्ताओं में खुशी

अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के मौके पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सेवा पखवाड़े में ‘गिफ्ट आॅफ सेवा में’ संगठन की दृष्टि से भाजपा गाजियाबाद जिले ने देश में टॉप 20 में स्थान बनाया है। यह जानकारी मिलने के बाद कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ गया है। महत्वपूर्ण बात यह है कि टॉप 20 जिलों में 11 जिले उत्तर प्रदेश के है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के साथ ही पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के मौके पर सेवा पखवाड़े का आयोजन कर रही है। इस दौरान सेवा के अनेक कार्य किये जा रहे हैं। पखवाड़ा दो अक्टूबर तक चलेगा। लेकिन भाजपा नेतृत्व ने सेवा पखवाड़े के बीच ही बेहतर काम करने वाले जिलों की सूची जारी कर दी है। ‘गिफ्ट आॅफ सेवा में’ संगठन की दृष्टि से गाजियाबाद जिले को 19 वां स्थान प्राप्त हुआ है। जबकि पार्टी ने शीर्ष 20 जिलों की सूची जारी की है। टॉप 20 जिलों में 11 जिले उत्तर प्रदेश के है।

इस सूची के अनुसार पहला स्थान यूपी के पीलीभीत, दूसरे स्थान पर उन्नाव, तीसरे स्थान पर बदायूं, चौथे स्थान पर मवेलिक्कारा, प्रदेश के मिर्जापुर जिले को पांचवा स्थान प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही पत्तनंतिट्टा को छठा, बुलंदशहर को सातवां, दक्षिण दिल्ली को आठवां, नवां स्थान सलेम को एवं दसवां स्थान हरियाणा के कुरुक्षेत्र को हासिल हुआ है।

इसके बाद 11 वें स्थान पर यूपी का फर्रूखाबाद, 12 वां स्थान जौनपुर को, 13 वां देवरिया को, 14वां खीरी को, 15 वां पूर्वी चंपारण, 16 वां स्थान कन्याकुमारी, 17 वां जबलपुर, 18 वां मुख्यमंत्री का गृह जिला गोरखपुर, 19 वां गाजियाबाद एवं 20 वां स्थान महाराष्ट के थाणे को प्राप्त हुआ है।

भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल ने बताया कि ईमेल के माध्यम से उन्हें यह जानकारी प्राप्त हुई है। सूची देखने से यह प्रतीत होता है कि संगठन के दायित्वों के प्रति उत्तर प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सजग है। इससे यह भी पता चलता है कि संगठनकर्ता भी प्रदेश में मेहनत कर रहे हैं।

‘गिफ्ट ऑफ सेवा में’ देश के टॉप 20 जिलों में गाजियाबाद जिले का शामिल होना खुशी की बात है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम एवं उनके सेवा को भी यह दर्शाता है। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है तथा भविष्य में संगठन और अधिक मेहनत से काम कर देश में अग्रणी रहने प्रयास करेगा।
दिनेश सिंघल, जिलाध्यक्ष भाजपा, गाजियाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *